सोना पहली बार 82 हजार रुपए पार, 31 दिन में दाम 6003 रुपए बढ़े

नई दिल्ली। आम बजट पेश होने से एक दिन पहले शुक्रवार को (31 जनवरी) सोना अपने आल टाइम हाई पर पहुंच गया। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के अनुसार 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का भाव 862 बढ़कर 82,165 रुपए हो गया है। गुरुवार को 10 ग्राम (एक तोला) सोने का दाम 81,303 रुपए था। वहीं, चांदी की कीमत में भी आज बढ़त रही। ये 993 रुपए बढ़कर 93,177 रुपए प्रति किलो हो गई है। इससे पहले चांदी की कीमत 92,184 रुपए प्रति किलो थी। चांदी ने 23 अक्टूबर 2024 को अपना आॅल टाइम हाई बनाया था। तब ये 99,151 रुपए प्रति किलो पर पहुंच गई थी। 31 दिसंबर को 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का भाव 76,162 रुपए था। बीते 31 दिन में इसमें 6,003 रुपए का इजाफा हुआ है। वहीं, 31 दिसंबर को 1 किलो चांदी की कीमत 86,017 रुपए थी। इस दौरान इसमें भी 7,160 रुपए की बढ़ोतरी हुई है।