जबलपुर। जबलपुर के गोरा बाजार में शुक्रवार दोपहर एक हादसा हो गया। जिसमें 51 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। मजदूर दूसरी मंजिल पर छज्जा तोड़ने का काम कर रहा था, तभी वह छज्जे सहित नीचे गिर गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही गोरा बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि, यह मकान ऋषभ केसरवानी का था, जिसने मकान तोड़ने का ठेका जबलपुर निवासी अयूब अली को दिया था। अयूब अली ने इस काम के लिए चार मजदूरों को लगाए थे। जिनमें से एक की मौत हो गई।
दरअसल, जिस मकान को तोड़ने का काम चल रहा था, वह एक पुरानी ब्रेड फैक्ट्री थी। मकान काफी जर्जर हो चुका था, जिसके लिए मकान मालिक ऋषभ केसरवानी ने इसे तोड़ने का ठेका दिया था। बीते एक सप्ताह से मजदूर इस मकान को तोड़ने का काम कर रहे थे। मजदूर भूरे लाल विश्वकर्मा अपने साथियों के साथ इस काम में जुटे हुए थे।
शुक्रवार की दोपहर, जब भूरे लाल मकान का छज्जा तोड़ रहे थे, उसी दौरान छज्जा ढह गया और वह छज्जे सहित नीचे गिर गए। हादसे की जानकारी पुलिस को करीब एक घंटे बाद मिली। इस दौरान भूरे लाल मौके पर ही गंभीर रूप से घायल होकर तड़पते रहे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छत से गिरते ही भूरे लाल लोहे की रॉड पर गिर गए, जिससे उनका शरीर दो हिस्सों में बंट गया।