आगरा में बेकरी का ओवन फटा, 14 कर्मचारी झुलसे

आगरा। आगरा में बेकरी का ओवन फटने से 14 से अधिक कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए। इस दौरान अफरातफरी मच गई। झुलसे कर्मचारी रोड पर करीब 1 घंटे तक तड़पते और मदद की गुहार लगाते रहे। सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम और पुलिस पहुंची। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना दोपहर 1 बजे की हरीपर्वत के ट्रांसपोर्ट नगर में मेडले बेकर्स की मैन्युफैक्चरिंग यूनिट की है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि झुलसे कर्मचारियों को अस्पताल ले जाने की बजाय पुलिस वीडियो बनाती रही। जब स्थानीय लोगों ने उन्हें पुलिस की गाड़ी में बैठाया, तब उन्हें एसएन मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। हादसे के समय मैनेजर जितेंद्र बेकरी में मौजूद थे। हादसे की सूचना मिलते ही कर्मचारियों के परिजन मौके पर पहुंचे। हादसे को लेकर हंगामा करने लगे। बेकरी में घुसकर तोड़फोड़ का प्रयास किया। पुलिस और स्थानीय लोगों ने उन्हें समझाकर शांत कराया। हंगामे की सूचना पर फोर्स के साथ एसीपी हरीपर्वत आदित्य कुमार मौके पर पहुंचे।

Author: Dainik Awantika