शादी से पहले युवती ने मौत को लगाया गले

उज्जैन। 20 दिन पहले हुई सगाई और कुछ दिनों बाद होने वाली शादी से पहले युवती ने मौत को गले लगा लिया। मंगलवार रात उसका शव फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने मर्ग कायम कर बुधवार को पोस्टमार्टम कराया है।
मक्सीरोड गुलमर्ग कालोनी में रहने वाली मंजू नायडू 22 की 20 दिन पहले अशोकनगर गुना के युवक से सगाई हुई थी। मंगलवार रात मंजू का शव कमरे में दुपट्टे के फंदे से लटका मिला। परिजनों और आसपास के लोगों ने माधवनगर थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव जिला अस्पताल पहुंचाया और कमरा सील कर दिया था। बुधवार सुबह पोस्टमार्टम कराया गया। जानकारी सामने आई है कि मंजू अपने रिश्ते से खुश नहीं थी। उसे होने वाला पति पसंद नहीं था। मामले में पुलिस का कहना था कि परिजनों के बयान दर्ज किये जाएगें। मृतिका का मोबाइल जब्त कर जांच की जाएगी। अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी होने पर सील कमरा खोला जाएगा।

Author: Dainik Awantika