‘मुस्लिम ओम को अल्लाह मान रहे, इससे बड़ा क्या है…’

मौलाना मदनी के बयान पर बोले पंडोखर सरकार, भोपाल में लग रहा दरबार

भोपाल। पंडोखर सरकार संत गुरुशरण महाराज भोपाल प्रवास पर हैं। पंडित राजन महाराज की श्रीराम कथा में वे दो दिन (13 और 14 फरवरी) दरबार लगा रहे हैं। सोमवार को दरबार लगाने से पहले पंडोखर सरकार ने कई मुद्दों को लेकर मीडिया से बात की।
मौलाना मदनी के बयान पर पंडोखर सरकार ने कहा- ओम में, राम में, ईश्वर में ही संपूर्ण ब्रह्म को जानता हूं। वे स्वीकार कर रहे हैं। यह अच्छी बात है। मुस्लिम संप्रदाय के लोग ओम को अल्लाह मान रहे हैं और अल्लाह को ओम मान रहे हैं, इससे बड़ा और क्या हो सकता है। यह बहुत अच्छी बात है।
पंडोखर सरकार ने मध्यप्रदेश में सनातनी बोर्ड बनाने की बात भी कही। पर्चा बनाने की ट्रिक पर उन्होंने कहा- तुम्हारे दद्दा, कक्का के पहले से पर्चा बना रहा हूं। पर्चा बनाना कोई चमत्कार नहीं है, जीवन की बिगड़ी बनना चमत्कार है। पर्चा बनाने वालों की जांच होनी चाहिए। हम देसी गुरु हैं, कभी चमक-धमक नहीं दिखता। पंडोखर सरकार ने नागपुर में भी दरबार लगाने की बात कही और मैजिशियन और माइंड रीडर सुहानी शाह को भी चैंलेज किया। उन्होंने नागपुर के श्याम मानव को चुनौती देते हुए कहा, मुझसे बहस करके दिखाएं।

पहला पर्चा – विधानसभा चुनाव जीत का दावा

भोपाल के आयोजित दरबार में पंडोखर सरकार ने सबसे पहले इछावर (सीहोर) से पहुंचे शख्स का पर्चा निकाला। पंडोखर सरकार ने कहा, आपके भाई अजय कुमार पटेल विधानसभा चुनाव जीतेंगे। 10,750 वोट से जीत होगी। अगर ऐसा नहीं होता है, तो जब भी मैं भोपाल आऊं, तो खड़े होकर कह देना गुरुजी का पर्चा गलत है।

इंदौर की अनीता का भी पर्चा निकाला

इंदौर की अनीता का भी पर्चा निकला। पंडोखर सरकार ने उन्हें खुद आवाज देकर बुलाया। अनीता के ससुर, पति के नाम भी पुकारे। दोनों बेटे मयंक और प्रशांत को भी मंच के पास बुलाया। नौकरी नहीं लगने और प्रेत बाधा का असर होने की बात कही।