20 वर्षीय लड़की और 2 बच्चों की मां की लव स्टोरी

हरदा में समलैंगिक घर से भागीं, 7 दिन बाद मिली; बोलीं- साथ जिएंगे-साथ मरेंगे

हरदा। यहां एक अनूठी लव स्टोरी सामने आई है। यहां 20 साल की लड़की और 2 बच्चों की मां को आपस में प्यार हो गया। दोनों ने ठान लिया कि अब जिंदगी एक साथ जिएंगे। इसके बाद लड़की और महिला दोनों घर से भाग गए। लापता होने पर दोनों के परिजनों ने पुलिस में शिकायत की। 7 दिन बाद हरदा पुलिस को दोनों के इटारसी में होने की जानकारी लगी।
पुलिस लड़की और महिला को इटारसी से वापस हरदा लेकर आ गई। दोनों का कहना है कि वे एक-दूसरे से बहुत प्यार करती हैं, और अब साथ जीने-साथ मरने का फैसला किया है। खास बात ये है कि महिला को अपने दोनों बच्चों की भी कोई चिंता नहीं है।

यह है पूरा मामला

हरदा रेलवे स्टेशन क्षेत्र में रहने वाली 20 वर्षीय युवती लड़कों की तरह रहती है। करीब 9 महीने पहले उसके मकान में एक परिवार किराये पर रहने आया था, जिसमें पति-पत्नी और 2 बच्चे थे। इसके बाद युवती और महिला धीरे-धीरे करीब आ गईं और एक-दूसरे को अपना दिल दे बैठीं। वे दोनों सबके सामने मिलती थीं और बातें करती थीं, लेकिन महिला होने की वजह से किसी को भी उनके रिलेशन पर शक नहीं हुआ। बीती 5 फरवरी को मुख्यमंत्री सामूहिक निकाह योजना के तहत सम्मेलन हुआ था, जहां दोनों अपने-अपने परिजन के साथ पहुंची थीं। लड़की अपनी मां को स्कूटी से लेकर गई थीं। वहीं, महिला अपने पति और अन्य परिजन के साथ गई थी।
सम्मेलन में शामिल होने के कुछ देर बाद दोनों अपने परिजन को चकमा देकर वहां से भाग गईं।