अगले महीने खत्म हो रहा वीडी शर्मा का कार्यकाल

मप्र में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बदले गए तो तीन नाम राजेंद्र शुक्ला, सुमेर सोलंकी, लाल सिंह आर्य सामने

भोपाल। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्‌डा का कार्यकाल 17 महीने बढ़ा दिया गया है। पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में 9 राज्यों में विधानसभा और अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव के मद्देनजर यह फैसला लिया है। नड्‌डा का कार्यकाल 20 जनवरी को खत्म हो रहा था, इसे बढ़ाकर जून 2024 तक कर दिया गया है। मध्यप्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा का कार्यकाल बढ़ेगा या नहीं? इस पर जल्दी ही फैसला होगा। वीडी का तीन साल का कार्यकाल अगले महीने पूरा हो रहा है।
भाजपा सूत्रों की मानें तो, नड्डा का कार्यकाल बढ़ाए जाने के बाद भी उनकी टीम में बड़े पैमाने पर बदलाव होना तय है। इसमें राष्ट्रीय पदाधिकारियों से लेकर राज्य के अध्यक्ष भी बदले जाना है। खासकर उन राज्यों में, जहां भाजपा की सरकार है। दरअसल, पार्टी विधानसभा चुनावों को 2024 के लोकसभा चुनाव के सेमीफाइनल के तौर पर देख रही है।

वीडी शर्मा को मिल सकती है केंद्र में जिम्मेदारी

सूत्रों का कहना है कि यदि विष्णु दत्त (वीडी) शर्मा को हटाया तो उन्हें केंद्र में जिम्मेदारी दी जा सकती है। उनके स्थान पर पार्टी चुनावी गणित के हिसाब से जातीय कार्ड खेल सकती है। इस नजर से राजेंद्र शुक्ला, सुमेर सिंह सोलंकी और लाल सिंह आर्य के नाम सामने आए हैं।