बड़े भैया के अंतिम संस्कार में उमड़ी भीड़

-महापौर, विधायक, शहर काजी, अंतिम दर्शन करने बड़ी संख्या में श्रद्धांजलि देने पहुंचे कांग्रेस-भाजपा समर्थक

इंदौर। वरिष्ठ भाजपा नेता और कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला के पिता विष्णु प्रसाद शुक्ला बड़े भैया का गुरुवार शाम निधन हो गया। आज सुबह उनका अंतिम संस्कार किया गया। इसमें शहर और प्रदेश के सभी बड़े नेता पहुंचे। शवयात्रा बाणगंगा स्थित उनके निवास से रवाना होकर कुम्हारखाड़ी मुक्तिधाम पर पहुंची, जहां उनका अंतिम संस्कार किया गया।
निधन का समाचार सुनते ही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, भाजपा के वरिष्ठ नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया आदि अनेक भाजपा-कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने ट्वीट कर श्रद्धांजलि दी। शव यात्रा में महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक महेंद्र हार्डिया, विधायक विशाल पटेल, पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता, वरिष्ठ कांग्रेस नेता कृपाशंकर शुक्ला, शहर काजी इशरत अली सहित कई बड़े नेता पहुंचे। अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के लोग भी शामिल हुए। सर्व ब्राह्मण शिखर, श्री विद्या प्रचारिणी कान्यकुब्ज महासभा, ब्राह्मण संसार संगठन, सर्व ब्राह्मण युवा परिषद आदि अनेक संगठनों से जुड़े पदाधिकारी एवं अन्य ब्राह्मण समाज जन बड़ी संख्या में बड़े भैया को अंतिम विदाई देने पहुंचे। शहर के बाहर से भी अनेक शहरों से ब्राह्मण समाज जन बड़े भैया को अंतिम विदाई देने पहुंचे। ब्राह्मण संसार संगठन के राष्ट्रीय मंत्री धर्मेंद्र मिश्रा, पं. राम चंद्र दुबे, पं. बृजेश शुक्ला, अन्नू वाजपेई, पं. गायत्री प्रसाद शुक्ला, पं. अशोक कुमार द्विवेदी, विकास अवस्थी, दीपक शुक्ला, विजेंद्र दीक्षित सहित अनेक समाजजन ने बड़े भैया को श्रद्धांजलि अर्पित की।