April 30, 2024

चरित्र शंका में पत्नी की मोगरी से हमला कर हत्या

– शरीर पर हथियार के निशान, पति हिरासत में

उज्जैन। चरित्र शंका में बीती रात पति ने पत्नी की हत्या कर दी। आज सुबह घर में लहूलुहान शव मिलने के बाद घटनाक्रम सामने आते ही सनसनी फैल गई। मामला घोंसला से 3 किलोमीटर आगे ग्राम पिपलिया हरजी का होना सामने आया है। पुलिस ने पति को हिरासत में ले लिया है।

राघवी थाना पुलिस को सुबह 6 बजे ग्राम पिपलिया हरजी के एक मकान में महिला की खून से सनी लाश पड़ी होने की जानकारी मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची कमरे में महिला का शव पड़ा हुआ था। जिसके सिर पर मोगरी से वार किए गए थे। विवेचना के दौरान सामने आया कि मृतिका संतोष बाई पति विष्णु मालवीय 30 वर्ष है। संतोषबाई दो बच्चों की मां थी। परिजनों से पूछताछ करने पर पता चला कि पति चरित्र शंका करता था। रात में विवाद भी हुआ था। पति घर से लापता था। जिसकी तलाश कर पुलिस ने कुछ देर बाद ही उसे हिरासत में ले लिया। बताया जा रहा है कि घटनाक्रम रात 11:30 से 12 के बीच का है। घटना के समय महिला के 10 और 12 वर्षीय बच्चे चंद कदमों की दूरी पर बने दूसरे मकान में सो रहे थे। एक बच्चे की तबीयत ठीक नहीं थी। पति नशे का आदी है और संतोषबाई पर शंका करता था। जघन्य तरीके से की गई हत्या की पड़ताल के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया। इस दौरान सामने आया कि महिला के शरीर पर धारदार हथियार से भी तीन से चार वार किए गए हैं।