नेहरू प्रतिमा पर डंडे,शिवराज सरकार के खिलाफ नारेबाजी

यह कैसी फितरत..?

ब्रह्मास्त्र भोपाल। सतना में कुछ असामाजिक तत्वों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की है। कुछ बदमाशों ने धवारी चौराहे पर स्थित पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू की प्रतिमा पर डंडे बरसाए और पत्थर भी फेंके हैं। इसका वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में कुछ लोग शिवराज सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते दिख रहे हैं। पूर्व सीएम कमलनाथ ने अपने ट्विटर हैंडल पर इसका वीडियो शेयर किया है। उन्होंने घटना पर आपत्ति जताते हुए कार्रवाई की मांग की है। वीडियो मंगलवार शाम का बताया जा रहा है।
कमलनाथ ने ट्विटर पर लिखा- वीडियो मध्यप्रदेश के सतना जिले का है। जहां देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. जवाहरलाल नेहरू जी की प्रतिमा को कुछ असामाजिक तत्व क्षतिग्रस्त कर रहे हैं। यह घटना बेहद निंदनीय है।
पूर्व मुख्यमंत्री के ट्वीट के जवाब में सतना एसपी आशुतोष गुप्ता ने भी ट्वीट कर उन्हें इस मामले में मुकदमा दर्ज होने और 6 आरोपियों के हिरासत में लेने की जानकारी दी।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे मेडिकल नशे के खिलाफ अपनी मांग के प्रति ध्यानाकर्षण कराना चाहते थे इसलिए उन्होंने प्रतिमा पर डंडे ,हथौड़े और पत्थर बरसा दिए।

जीतू पटवारी ने सरकार पर साधा निशाना

इंदौर में राऊ से विधायक और पूर्व मंत्री जीतू पटवारी ने सतना में हुई इस घटना को सत्ता की नपुंसकता बताया है।