2 बच्चों की मां ने नदी में लगाई छलांग

उज्जैन। 2 बच्चों की मां ने शुक्रवार दोपहर को ब्रिज से नदी में छलांग लगा दी। 2 घंटे बाद उसे बाहर निकाला गया। महिला की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच में लिया है। भैरवगढ़ थाना पुलिस ने बताया कि पारसनगर में किराना दुकान के पास रहने वाली सपना पति राहुल सोलंकी (मालवीय) 25 वर्ष दोपहर में घर से दौड़ती हुई उन्हेल बायपास मार्ग पर बने भैरवगढ़ ब्रिज पर पहुंची और नदी में छलांग लगा दी। पति भी उसके पीछे दौड़ता हुआ आ गया था। कुछ लोगों ने बताया कि नदी में कूदी है। पति ने परिजनों को घटना की जानकारी दी और पुलिस को बुलाया। महिला की तलाश में गोताखोर और क्षेत्र में युवक नदी में उतरे। करीब डेढ़ घंटे की तलाश के बाद सपना का शव बाहर निकाला गया। पति के अनुसार सपना ने समूह लोन ले रखा था। उस पर लोन जमा करने का दबाव बनाया जा रहा था। घटना से पहले उसके पास कॉल आया था, जिसके बाद वह दौड़ती हुई घर से निकल गई थी।