स्कूली शिक्षा मंत्री की बहू ने लगाई फांसी: पति-पत्नी के बीच थी अनबन

ब्रह्मास्त्र भोपाल। स्कूल शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार की बहू सविता परमार (22) का शव घर में फंदे पर लटका मिला। पति-पत्नी के बीच एक साल से विवाद चल रहा था। इस वजह से सविता मायके भी चली गई थी। वह एक दिन पहले ही ससुराल लौटी थी। मंगलवार देर रात तक घटना को दबाने का प्रयास हुआ।
सविता की शादी स्कूल शिक्षा मंत्री परमार के बेटे देवराज के साथ तीन साल पहले हुई थी। मंगलवार को सविता का शव अपने ससुराल शुजालपुर के पोचानेर में फंदे पर लटका मिला। शुरूआती जांच में यही माना जा रहा है कि पारिवारिक समस्या के चलते सविता ने आत्महत्या की है। घटना की सूचना मिलने पर अवंतिपुर बड़ोदिया थाना की टीम मौके पर पहुंची थी। काफी देर तक मामले को दबाने का प्रयास किया गया, लेकिन कुछ ही घंटों में ये खबर फैल गई। शाजापुर एसपी पंकज श्रीवास्तव ने रात को घटना की पुष्टि की। बुधवार को पुलिस पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजन को सौपेंगी।