बाइक-पिकअप की भिड़ंत, पत्नी की मौत पति घायल

उज्जैन। बाइक सवार पति-पत्नी को मंगलवार दोपहर तेजगति से आई लोडिंग पिकअप ने टक्कर मार दी। गंभीर घायल पति-पत्नी को निजी अस्पताल लाया गया। जहां शाम को पत्नी की मौत हो गई। पति की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
झारड़ा क्षेत्र के ग्राम बोरखेड़ा घाट का रहने वाला जीवनसिंह गुर्जर 45 वर्ष अपनी पत्नी भारतबाई 40 साल के साथ बाइक पर सवार होकर ग्राम मोरदाखेड़ा शादी में शामिल होने जा रहा था। माकडोन क्षेत्र के कपेली और मोरदाखेड़ा के बीच तेजगति से आई लोडिंग पिकअप ने बाइक को टक्कर मार दी। पति-पत्नी गंभीर घायल हो गये। लोगों ने पिकअप में सवार 2 युवको को पकड़ लिया। घायल पति-पत्नी को अस्पताल भेजा गया। परिजन खबर मिलते ही माकडोन पहुंचे और दोनों को उपचार के लिये उज्जैन निजी अस्पताल लाया गया। जहां शाम को भारतबाई की मौत हो गई। रिश्तेदार अर्जुनसिंह ने बताया कि जीवनसिंह की हालत भी गंभीर बनी हुई है। पिकअप और उसमें सवार दोनों युवको को पुलिस के सुपुर्द किया गया है। पिकअप राघवी क्षेत्र के ग्राम जवासिया की होना सामने आई है। चालक और उसका साथी भी राघवी क्षेत्र के रहने वाले है। भारतबाई की मौत होने पर नीलगंगा थाना पुलिस ने मर्ग कायम किया है। शव निजी अस्पताल से चरक अस्पताल के पोस्टमार्टम कक्ष लाया गया था।

 

Author: Dainik Awantika