April 27, 2024

उज्जैन। देवास से उज्जैन आ रही तेज गति से दौड़ती यात्री बस गाय को बचाने में पेड़ से टकराई गई। दुर्घटना में 9 यात्री घायल हो गये। पुलिस ने चालक के खिलाफ लापरवाही से बस चलाने का प्रकरण दर्ज किया है। वाल्मीकि ट्रेवल्स की बस क्रमांक एमपी 41 पी 5195 शनिवार दोपहर यात्रियों को लेकर तेज गति से दौड़ते हुए देवास से उज्जैन आ रही थी। नरवर में पुलिया पार करते ही बस के आगे गाय आ गई। चालक का गति से नियंत्रण बिगड़ गया और बस सड़क किनारे पेड़ से टकराने के बाद खंती में उतर गई। दुर्घटना होते ही यात्रियों में चिल्लापुकार मच गई। बस में बच्चे भी सवार थे। बस के केबिन में बैठे यात्री लहूलुहान हो गये। खबर मिलते ही नरवर पुलिस दुर्घटनास्थल पहुंच गई। यात्रियों को बस से उतारा गया और घायलों को एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल लाया गया। 9 यात्रियों को चोंट लगी थी जिसमें महिलाएं भी शामिल थी। पुलिस के अनुसार घायलों में बलराम पिता सरदारसिंह आंजना नईखेड़ी, अफसाना पति इस्माइल शेख नरवर, सीमा पति ललित चौहान वेदनगर, रहमतबी, रेहानाबी, ननीबी नजरपुर, राजेश पमरार सावरियां नगर, विश्वास कीर राजगढ़ और श्याम सागर निवासी जीवाजीगंज थाने का पीछे शामिल है। जिन्हे उपचार के लिये जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। कुछ को मामूली चोंट लगी थी, जिनका प्राथमिक उपचार कराया गया है। दुर्घटना के दौरान गाय गंभीर रुप से घायल हुई थी, जिसकी कुछ देर बाद मौत हो गई।