April 26, 2024

उज्जैन। कोरोना की तीसरी लहर की रफ्तार दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है। शनिवार को 63 की रिपोर्ट पॉजीटिव आई। लग रहा है कि आज कोरोना का तिहरा शतक लग जायेगा। जिस तरह से कोरोना की रफ्तार बढ़ रही, उसी तरह स्वास्थ्य विभाग का बुलेटिन का समय भी बढ़ता जा रहा है। देर रात 11.50 मिनिट पर जारी हुए हेल्थ बुलेटिन में 63 की रिपोर्ट पॉजीटिव आई है। जिसमें 57 शहर के, 1 महिदपुर, 4 नागदा और 1 घट्टिया का संक्रमित शामिल है। शनिवार को संक्रमण की दर 3.5 प्रतिशत रही। वहीं 2062 की रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग को प्राप्त हुई थी। पांच दिनों में 253 लोगों को कोरोना अपनी जद में ले चुका है। 8 दिसंबर से 8 जनवरी तक 284 लोग संक्रमित हो चुके है। शनिवार को एक्टिव मरीजों की संख्या 254 हो चुकी थी। जिसमें 245 का उपचार होमआइसोलेशन में चल रहा था। 9 अस्पताल में भर्ती है। मार्च 2020 से शनिवार तक पॉजीटिव आने वालों की संख्या 19 हजार 386 पहुंच चुकी थी। अब तक 18 हजार 961 लोग ठीक हो चुके है। दूसरी लहर के बाद से मरने वाले की संख्या थमी हुई है। जो सबसे अच्छी बात है।