April 27, 2024

ब्रह्मास्त्र उज्जैन। उज्जैन के जीवाजीगंज थाना क्षेत्र में रहने वाले 15 साल के एक छात्र के अपहरण से इंदौर में हड़कंप मच गया। गुरुवार रात 8 बजे वह राजबाड़ा के पास रोता हुआ मिला। उसे लोगों ने देखा और पुलिस को सूचना दी। छात्र ने बताया कि जब वह कोचिंग जा रहा था तो उसे मुंह पर कपड़ा डालकर बेसुध किया और अपहरण कर बदमाश इंदौर ले आए। उसे रास्ते में पीटा भी गया। यहां उसने बदमाशों को दांतों से काटकर अपनी जान बचाई। अब इंदौर की सराफा पुलिस ने अपहरण का केस दर्ज कर मामला उज्जैन रैफर किया है।
सराफा थाना प्रभारी सुनील शर्मा के अनुसार उज्जैन के 15 वर्षीय दसवीं के छात्र की शिकायत पर अपहरण का केस दर्ज किया है। उसने पुलिस को बताया कि वह जीवाजीगंज थाना क्षेत्र में रहता है। उसके पिता टेलर हैं। वह रोज की तरह कोचिंग पढ़ने के लिए उज्जैन के निकासी चौराहे से जा रहा था। गुरुवार शाम 4 बजे चौराहा पार करने के बाद उसे कुछ होश नहीं। बाद में पता चला कि किसी ने उसे कार की डिक्की में बंद कर दिया है। उसे दो लोग रास्ते में पीट भी रहे थे। उसके शरीर पर कट और पीठ पर मारपीट के भी निशान थे। जब उसे पूरी तरह से होश आया तो दो बदमाश दिखे। उसने दोनों को दांतों से काटा और फिर भीड़-भाड़ वाले इलाके में आ गया। यहां बाटा शोरूम के पास जाकर रोने लगा। तभी कुछ लोगों ने उसे जख्मी हालत में देखकर रोने का कारण पूछा। उसने अपने परिजन का नंबर दिया। उन्होंने परिवार वालों को फोन लगाया और डायल 100 पर भी फोन लगा दिया।
रात में सराफा पुलिस ने उसका मेडिकल करवाया। फिर अपहरण का केस दर्ज कर मामला जीवाजीगंज थाने पर ट्रांसफर कर दिया।