उज्जैन-जावरा रोड फोरलेन व रतलाम-नागदा तक विस्तार की मांग हुई तेज

खाचरौद। जनहित, यात्री सुरक्षा एवं आगामी सिंहस्थ महापर्व को दृष्टिगत रखते हुए उज्जैन-जावरा सड़क को फोरलेन/ चौड़ीकरण करने तथा मुख्यमंत्री द्वारा घोषित रतलाम खाचरौद फोरलेन सड़क को खाचरौद होते हुए नागदा तक विस्तारित करने की मांग को लेकर पूर्व विधायक दिलीपसिंह गुर्जर के नेतृत्व में खाचरौद कांग्रेसजनों द्वारा मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन प्रेषित किया गया। ज्ञापन नेहा साहु अनुविभागीय अधिकारी, खाचरौद के माध्यम से भेजा गया।ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि उज्जैन-जावरा बीओटी सड़क के निर्माण में भारतीय सड़क कांग्रेस (आईआरसी) के मानकों का पूर्ण रूप से पालन नहीं किया गया। मार्ग पर आज भी कई खतरनाक ब्लैक स्पॉट मौजूद हैं। बढ़ते यातायात दबाव के चलते इस मार्ग पर दुर्घटनाओं की संख्या लगातार बढ़ रही है, जो गंभीर चिंता का विषय है।
नगर पालिका अध्यक्ष गोविन्द भरावा ने आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि वर्ष 2015 से जुलाई 2025 तक बीते 11 वर्षों में उज्जैन-जावरा टू-लेन मार्ग पर कुल 2063 सड़क दुर्घटनाएँ दर्ज की गईं। इनमें 572 नागरिकों की मृत्यु हुई, जबकि 2516 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए। वर्तमान में मृतकों की संख्या बढ़कर लगभग 600 के पार पहुंच चुकी है, जो इस मार्ग की भयावह स्थिति को दशार्ती है।
सिंहस्थ को लेकर अन्य मार्ग फोरलेन, उज्जैन-जावरा अब भी उपेक्षित जनपद अध्यक्ष पृथ्वीराजसिंह पंवार ने बताया कि शासन द्वारा सिंहस्थ महापर्व को ध्यान में रखते हुए उज्जैन से जुड़ने वाले अन्य सभी प्रमुख संपर्क मार्गों को फोरलेन परियोजनाओं में शामिल कर स्वीकृति दी जा चुकी है तथा कई मार्गों पर निर्माण कार्य भी प्रारंभ हो गया है। इसके बावजूद अत्यंत महत्वपूर्ण और संवेदनशील उज्जैन-जावरा मार्ग को अब तक फोरलेन या चौड़ीकरण योजना में शामिल नहीं किया गया है, जबकि दुर्घटनाओं और यातायात दबाव की दृष्टि से यह मार्ग अत्यधिक महत्वपूर्ण है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment