लोन दिलाने के नाम पर हड़पे थे रूपये और मोबाइल -10 हजार का था इनाम, ढाई माह बाद पकड़ाया

उज्जैन। लोन दिलाने का झांसा देकर 2 लाख से अधिक और मोबाइल हड़पने वाले 10 हजार के इनामी आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जिसे मंगलवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है।
देवासगेट थाना प्रभारी अनिला पाराशर ने बताया कि 19 नवम्बर 2025 को हीरामिल की चाल में रहने वाले पूनमचंद टटावत ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसे राहुल पिता पुरूषोत्तम रामी निवासी वेदनगर ने 10 लाख का लोन दिलाने के नाम पर 25 हजार रूपये नगद और आवश्यक दस्तावेज लिये थे। राहुल द्वारा मोबाइल से लोन एप के माध्यम से 2.20 लाख का लोन दिलवाया। लोन की किश्त काफी अधिक आने पर उसे पूरा लोन जमा करने के लिये 1.40 लाख आॅनलाइन और 80 हजार रूपये नगद दिये। उसने लोन जमा नहीं किया और बड़ा लोन दिलाने का झांसा देते हुए 1.24 लाख कीमत का सेमसंग एस 24 अल्ट्रा मोबाइल भी रख लिया। उसने धोखाधड़ी की है। मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया गया और गिरफ्तारी के प्रयास किये। लेकिन आरोपी राहुल रामी लगातार फरार होना सामने आया। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक की ओर से 10 हजार का इनाम घोषित किया गया। सोमवार को पता चला कि इनामी आरोपी देवासगेट बस स्टैंड से इंदौर-कोटा बस द्वारा झालावाड़ (राजस्थान) जाने की तैयारी में है। तत्काल टीम को अलर्ट किया गया और आरोपी की तलाश कर उसे गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में पता चला कि वह वर्तमान में पाटन जिला झालावाड़ राजस्थान में रह रहा था। उसका अपराधिक रिकार्ड खंगालने पर सामने आया कि पूर्व में भी माधवनगर थाने में उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज है। थाना प्रभारी के अनुसार इनामी आरोपी को गिरफ्तार करने में एसआई राधेश्याम आवलिया, एएसआई रामेश्वर धानुक, प्रधान आरक्षक धर्मेन्द्र, आरक्षक विनोद, सतीश का सहयोग रहा। मंगलवार दोपहर आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया था, जहां से जेल भेजा गया। प्रकरण में विवेचना जारी है, अभियोग पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया जायेगा।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment