महाकाल जाने वाले मार्ग श्रद्धालुओं के लिए असुरक्षित हरीफाटक पुल के नीचे फैली अव्यवस्था.. लोगों की जान जोखिम में

उज्जैन। महाकाल मंदिर की ओर जाने वाले मार्ग श्रद्धालुओं के लिए कितने सुरक्षित है उसका एक ताजा उदाहरण हरीफाटक पुल के समीप देखने को मिल रहा है। पिछले दिनों हरीफाटक पुल के नीचे रोटरी के समीप लगा एक साईन बोर्ड अचानक उखड़कर गिर गया। कई किलो वजनी यह बोर्ड सीधा पुलिस चौकी के ऊपर गिरा। घनीमत यह रही की उस दौरान चौकी पर कोई भी पुलिसकर्मी मौजूद नहीं थे। नहीं तो बड़ा हादसा हो जाता। उस समय पुलिस चौकी के आसपास कुछ श्रद्धालु जरूर खड़े थे लेकिन किसी को भी कोई चोंट नहीं आई। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि इस बोर्ड को उखड़ कर गिरे काफी समय हो गया है। लेकिन अभी भी यह खतरनाक स्थिति में है और सिर्फ पुलिस चौकी के सहारे टिका हुआ है। किसी भी दिन यह वापस नीचे गिर सकता है और यहां फुटपाथ पर खड़े रहने वाले लोगों को नुकसान पहुंचा सकता है। लेकिन लापरवाही देखिए पिछले कई समय से यह कई किलो वजनी टूटा साईन बोर्ड पुलिस चौकी के सहारे टिका हुआ है ना तो इस बोर्ड को हटाया जा रहा है ना ही रिपेयर करवाकर वापस लगवाया जा रहा है। अभी भी यह टूटा हुआ बोर्ड हरिफाटक पुल के पास चौकी के ऊपरी हिस्से के सहारे टिका हुआ है जो कभी भी गिर सकता है और यहां खड़े रहने वाले लोगों को नुकसान पहुंचा सकता है।
श्रद्धालुओं की जान जोखिम में
 हरिफाटक पुल के समीप जिस जगह साइन बोर्ड टूट कर पुलिस चौकी के ऊपर गिरा हुआ है और चौकी के सहारे टिका हुआ है। वहां के फुटपाथ पर हमेशा महाकाल दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालु खड़े रहते हैं। और मंदिर जाने के लिए रिक्शे का इंतजार करते हैं। उखड़कर चौकी के ऊपर गिरे वजनी बोर्ड की वजह से किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।
 पुलिस चौकी भी हुई क्षतिग्रस्त
सूचना बोर्ड टूटकर सीधा पुलिस चौकी के ऊपर गिरा इस कारण पुलिस चौकी भी क्षतिग्रस्त हो गई और चौकी के ऊपर का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। इस कारण पुलिसकर्मी भी चौकी में नहीं बैठ पा रहे हैं।खास बात यह है कि गिरने के बाद इस सुचना बोर्ड को चौकी के ऊपर से भी नहीं हटाया गया है। इस कारण पुलिसकर्मी चौकी का उपयोग नहीं कर पा रहे हैं।
Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment