उज्जैन। सेठीनगर और वल्लभ नगर के लोग रविवार सुबह घरों से निकले तो उन्होने पेड़ पर युवक का अर्द्धनग्न शव लटका देखा। मामले की खबर मिलते ही पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंच गई। मृतक की देर शाम तक पहचान नहीं हो पाई थी।
माधवनगर थाना प्रभारी राकेश भारती ने बताया कि सुबह 8 बजे के लगभग खबर मिली थी कि सेठीनगर की ओर जाने वाले मार्ग पर वल्लभनगर क्षेत्र के खाली क्षेत्र में लगे बबलू के पेड़ पर युवक की अर्द्धनग्न लाश लटकी हुई है। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। फंदे पर लटका युवक 35 से 40 साल का प्रतीत हो रहा था। उसके शरीर पर सिर्फ अंडरवियर था। आसपास सर्चिंग की गई और कपड़ों की तलाश की गई। लेकिन कुछ नहीं मिला। शव को पेड़ पर बंधे फंदे से नीचे उतारा गया। फंदा रेलवे की चादर का होना सामने आया। मृतक के पैर की एडियों के नीचे का हिस्सा जख्मी था, संभवत: पेड़ पर चढ़ने के दौरान उसके पैर में जख्म हुआ था। आसपास लगी भीड़ में उसकी पहचान के प्रयास किये गये लेकिन किसी ने शिनाख्त नहीं की। शव को चरक अस्पताल के पोस्टमार्टम कक्ष में रख गया है। उसके परिजनों का पता लगाया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद घटनाक्रम स्पष्ट हो पायेगा। प्रथमदृष्टता मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, बावजूद सभी पहलूओं पर जांच जारी है।
शाम को वृद्ध ने लगाई फांसी
चिमनगंज थाना क्षेत्र के ढांचा भवन से रविवार शाम श्याम खत्री पिता हीरालाल 52 वर्ष को पुत्र सौरभ चरक अस्पताल लेकर पहुंचा था। डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। पुत्र ने बताया कि पिता ने फांसी लगाई है। ड्युटी कम्पाउंडर ने पुलिस को सूचना देने के साथ शव को पोस्टमार्टम कक्ष में रखवाया। बताया जा रहा है कि मृतक ने शराब के नशे में आत्मघाती कदम उठाया है। सोमवार सुबह पुलिस पोस्टमार्टम कराकर जांच शुरू करेगी।
बबूल के पेड़ पर लटका मिला युवक का अर्द्धनग्न शव -रात तक नहीं हुई पहचान, बाहरी होने की संभावना