करंट लगने के बाद मजदूर को पड़ा दिल का दौरा -पोस्टमार्टम के बाद बंगाल ले जाया गया शव

उज्जैन। पश्चिम बंगाल से आये मजदूर को उंगली में करंट लग गया, उसने बचाव-बचाव की आवाज लगाई। चरक अस्पताल लाने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया। डॉक्टरों ने आशंका जताई कि दिल का दौरा भी पड़ा है। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव पश्चिम बंगाल ले जाया गया है।
चिंतामण थाना प्रभारी हेमराज यादव ने बताया कि रात में बड़नगर मार्ग मोहनपुरा के पास चल रहे ब्रिज निर्माण कार्य में पश्चिम बंगाल से आये मजदूर राधानाथ पिता बिस्सु हंसदा 35 साल को साथी मजदूर चरक अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां परीक्षण के बाद डॉक्टरों ने मृत घोषित कर शव को पोस्टमार्टम कक्ष में रख सूचना दी। मजदूर की मौत होने पर पुलिस अस्पताल पहुंची तो सामने आया कि वह वाइब्रेट मशीन चला रहा था, उसी दौरान बचाव-बचाव चिलाया और बेसुध हो गया था। मामले में मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया गया है। उसके साथ भाई और अन्य मजदूर आये थे, जो शव अंतिम संस्कार के लिये पश्चिम बंगाल लेकर गये है। आशंका है कि उसे दिल का दौरा पड़ा था। वहीं साथी मजदूरों ने बताया कि मशीन चलाते समय उंगली में करंट लगा था, संभवत: उसी के चलते दिल का दौरा पड़ा है। पुलिस के अनुसार मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही पता चल पायेगी। गौरतलब हो कि शहर में सिंहस्थ 2028 के चलते कई निर्माण कार्य चल रहे है। जिसमें काम के लिये बाहर से मजदूर आये हुए है। कुछ दिनों पहले ही नानाखेड़ा पर इंदौर-उज्जैन सिक्स लेन ब्रिज निर्माण के दौरान सरियों के नीचे दबने से झारखंड के मजदूर की मौत हो गई थी। एक माह पहले भैरवगढ़ थाना क्षेत्र के अम्बोदिया क्षेत्र में नेपाल के मजदूर पर निर्माण कार्य के दौरान मशीन का डाला टूटकर गिर गया था और उसकी मौत होना सामने आया था। निर्माण के दौरान ठेकेदारों द्वारा बिना संसाधन उपलब्ध कराये मजदूरों से काम कराया जा रहा है, जिसके चलते उनकी मौत के मामले सामने आ रहे है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment