कुएं से मिला पंचायत सचिव के लापता पुत्र का शव

उज्जैन। मानसिक रुप से बीमार पंचायत सचिव के लापता पुत्र का शव गुरुवार दोपहर खेत पर बने कुएं से मिल गया। रात 2 बजे उसकी बाइक और चप्पल कुएं के पास मिली थी। नरवर थाने के एएसआई परमानंद सिंह ने बताया कि मानपुरा में रहने वाले राजेन्द्र राजपूत उंडासा ग्राम पंचायत में सचिव है। गुरुवार शाम उनका पुत्र दशरथ 20 वर्ष घर से बाइक लेकर निकला था। रात 12 बजे तक नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी गांव में तलाश की। कुछ पता नहीं चलने पर रात डेढ़ बजे गुमशुदगी दर्ज कराने थाने पहुंचे। दशरथ की मानसिक स्थिति ठीक नहीं होना बताई गई। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरु की। इस बीच कुछ परिजन दशरथ को तलाशते हुए खेत पर पहुंचे। कुएं के पास बाइक खड़ी और चप्पल पड़ी दिखाई दी। शंका के आधार पर कुएं में तलाश शुरु की गई। गुरुवार दोपहर 12 बजे के लगभग उसका शव बाहर निकाला गया। परिजनों का कहना था कि कई वर्षो से उसका उपचार चल रहा था। वह घर से जाता था और लौट आता था। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज मामले में मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया है।