April 23, 2024

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में भाजपा का कमल एक बार फिर खिल गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पार्टी को बंपर जीत दिला दी है। अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी की साइकिल पंक्चर हो गई है, हालांकि वह दूसरे नंबर पर है। बसपा और कांग्रेस की हालत बेहद खस्ता है। उन्हें अब नए सिरे से अपने आप के लिए सोचना पड़ेगा। यहां प्रियंका गांधी का जादू भी नहीं चल पाया है।
पंजाब में आप ने जबरदस्त झाड़ू मारी है। कांग्रेस, भाजपा, अकाली दल सभी का सूपड़ा साफ कर दिया है। कांग्रेस को गुटबाजी की जबरदस्त कीमत चुकानी पड़ी है। एक बार फिर कांग्रेस आलाकमान यानी राहुल गांधी अपने अपने ही लोगों के निशाने पर हैं। कैप्टन अमरेंद्र सिंह को मुख्यमंत्री पद से हटाकर चन्नी को मुख्यमंत्री बनाना कांग्रेस को भारी पड़ गया है। इस फैसले ने कांग्रेस के हाथ से पंजाब को फिसल जाने दिया। गोवा, मणिपुर और उत्तराखंड में भाजपा बड़ी पार्टी है। मतगणना का रिजल्ट आने के बाद जाहिर है अब जोड़-तोड़ की राजनीति शुरू होगी। कांग्रेस को अपने मुट्ठी भर विधायकों को संभालना एक चुनौतीपूर्ण कार्य होगा।