April 23, 2024

उज्जैन। महावीर नगर से लापता युवक का 36 घंटे बाद रविवार सुबह शिप्रा नदी से शव बरामद हो गया। शनिवार शाम स्कूटी नदी के किनारे ब्रिज पर खड़ी मिली थी। पुलिस ने रात 9 बजे तक सर्चिंग अभियान चलाया था।
फ्रीगंज में फल ठेला लगाने वाला राजेश साहू 38 वर्ष महावीर नगर का रहने वाला था। शुक्रवार रात 8 बजे घर से लापता होने के बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की थी। शनिवार सुबह तक नहीं मिलने पर जीवाजीगंज थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने साइबर सेल की मदद से लापता युवक की मोबाइल लोकेशन ट्रेस कराई। शिप्रा नदी किनारे नृसिंहघाट पर आखरी लोकेशन होना सामने आई। परिजन तलाश में पहुंचे तो नृसिंहघाट ब्रिज के पास राजेश की मेस्ट्रो स्कूटी खड़ी दिखाई दी। डिक्की में मोबाइल और पर्स रखा हुआ था। परिजनों ने डूबने की आशंका व्यक्त की। पुलिस ने नृसिंहघाट के आसपास नदी में रात 9 बजे तक सर्चिंग अभियान चलाया गया, लेकिन कोई सुराग नहीं लग पाया। रविवार सुबह फिर से सर्चिंग शुरू करने की बात कही गई। परिवार सुबह 7 बजे नृसिंहघाट पहुंच गया था। गोताखोर पहुंचते उससे पहले राजेश की बॉडी फूलकर पानी से बाहर आ गई थी। कुछ लोागें ने नदी में लाश देख पुलिस को सूचना दी। महाकाल थाना पुलिस पहुंची और शव बाहर निकाला। परिजन आसपास थे, उन्होंने लाश देख राजेश के रुप में पहचान कर ली।