इंदौर में देर रात से शुरू हुई बारिश ने मौसम में घोली ठंडक

 

पूरे शहर में बिजली बार-बार होती रही गुल, सुबह-सुबह रिमझिम फुहारों से मौसम हुआ सुहाना

इंदौर। शहर और आस-पास के इलाकों में शुक्रवार रात से ही बादल छाने लगे थे, देर रात से सुबह तक बारिश से मौसम में ठंडक आ गई है। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। इस दौरान कुछ इलाकों में बिजली आती-जाती रही। सुबह-सुबह फुहारों से मौसम सुहाना हो गया। पिछले दिनों हुई हल्की बारिश के बाद आई धूप से शहर के लोग उमस से परेशान हो चुके थे।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक शनिवार को दोपहर बाद तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ हिमालय क्षेत्र के समीप बना हुआ है। शुक्रवार दोपहर तीन बजे बाद गरज-चमक के साथ शहर के पूर्वी हिस्से में रीगल, सपना संगीता रोड, छावनी क्षेत्र में हल्की बूंदाबांदी भी हुई।

धूल भरी आंधी चली

चार बजे शहर में धूल भरी आंधी चली और हवाएं अधिकतम 55 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से चली। दिन में हवाएं औसतन 15 से 20 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से चल। हालांकि शाम के समय गर्मी व उमस का असर कम रहा। शुक्रवार रात को पलासिया क्षेत्र में बूंदाबांदी हुई। जिससे मौसम ठंडा हुआ।

आज 40 से कम पर आया पारा

शुक्रवार को सूरज की तपिश ने तेज गर्मी का अहसास करवाया। आज शनिवार को 40 से कम पर पाररा आ गया। करीब एक सप्ताह बाद पारा फिर से 40 डिग्री पार पहुंचा। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री दर्ज किया गया। दोपहर में बादल भी छाए रहे। बादलों के कारण रात के तापमान में भी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। शुक्रवार को इंदौर में न्यूनतम 28.1 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक था।

सड़कों पर भरा पानी

देर रात से चल रही बारिश से कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया है। जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।