मध्य प्रदेश में एग्जिट पोल भाजपा को दे रहे पूरी 29 सीट

 

बहुत कम चांस में कांग्रेस को सिर्फ एक सीट मिलने का अनुमान, इंदौर और खजुराहो से तो पहले ही बाहर है कांग्रेस

भोपाल। लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण का मतदान होने के बाद शनिवार को विभिन्न टीवी चैनल और एजेंसियों ने एक्जिट पोल शुरू कर दिए। इसके अनुसार मध्य प्रदेश की 29 लोकसभा सीटों में से भाजपा को 28 से 29 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है।

वहीं, एक्जिट पोल यह भी बता रहे हैं कि यदि कांग्रेस को मिली तो केवल एक सीट पर ही जीत मिल सकती है। बता दें, वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को 28 सीटें और कांग्रेस को केवल एक छिंदवाड़ा सीट पर जीत मिली थी। एक्जिट पोल में भाजपा के वोट शेयर में भी वृद्धि का अनुमान जताया गया है।
मध्य प्रदेश में भाजपा ने सभी 29 और कांग्रेस ने 27 सीटों पर लोकसभा चुनाव लड़ा है। खजुराहो सीट कांग्रेस ने आईएनडीआई गठबंधन की सहयोगी समाजवादी पार्टी को दी थी , लेकिन नामांकन पत्र निरस्त होने से अन्य सहयोगी दल आल इंडिया फारवर्ड ब्लाक के प्रत्याशी को समर्थन दिया। वहीं, इंदौर लोकसभा सीट से कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी अक्षय कांति बम ने नामांकन वापसी के अंतिम दिन नाम वापस लेकर भाजपा की सदस्यता ले ली थी।

एक्जिट पोल

भाजपा (एनडीए) कांग्रेस (आइएनडीआइए)
इंडिया न्यूज- डी डायनमिक 28-29 1-0
जन की बात 28-29 1-0
इंडिया टीवी-सीएनएक्स 28-29 1-0
इंडिया टुडे- एक्सिस माय इंडिया 28-29 1-0
एबीपी-सी वोटर 26-28 03-01
इंडिया टुडे-एक्सिस माय इंडिया के एक्जिट पोल के अनुसार भाजपा का वोट शेयर पिछले लोकसभा चुनाव के मुकाबले तीन प्रतिशत बढ़कर 61 प्रतिशत हो सकता है। वहीं, कांग्रेस को 33 प्रतिशत वोट मिलने की संभावना जताई गई है। टीवी-9 भारत के अनुसार भाजपा को 67.54 और कांग्रेस को 24.93 प्रतिशत मत मिल सकते हैं।

 

कौन सी सीट मिल सकती है कांग्रेस को

एग्जिट पोल के अनुसार वैसे तो सभी 29 सीटों पर भाजपा जीत रही है, लेकिन हो सकता है एक सीट कांग्रेस को मिल जाए। यह सीट कौन सी होगी ? फिलहाल यह तो एग्जिट पोल नहीं बता रहे हैं ,लेकिन प्रदेश की तीन सीट ऐसी हैं जिस पर अनुमान लगाया जा रहा है कि इनमें से कोई एक सीट कांग्रेस को मिल सकती है। यह है छिंदवाड़ा जहां से कमलनाथ के बेटे और निवृत्तमान सांसद नकुलनाथ प्रत्याशी हैं। दूसरी सीट है राजगढ़ ,जहां से पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह चुनाव लड़ रहे हैं। तीसरी सीट झाबुआ की मानी जा रही है जहां से कांतिलाल भूरिया मैदान में हैं।

 

एग्जिट पोल पर बोले सीएम मोहन यादव – मध्य प्रदेश की सभी सीट जीत रही भाजपा

लोकसभा चुनाव को लेकर शनिवार शाम आए एग्जिट पोल पर मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने मध्य प्रदेश समेत पूरे देश को बधाई देते हुए कहा कि जो रुझान आए हैं, वे अपेक्षित थे। देश में फिर एक बार मोदी सरकार बनने जा रही है। रुझान आनंददायी हैं और चार जून को परिणाम भी ऐसे ही सामने आएंगे। मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी राज्य की सभी 29 की 29 लोकसभा की सीटें जीत रही है। देश में पार्टी 370 और एनडीए 400 सीट पार करेगा। देशवासियों का यह प्रेम बना रहेगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ेगा।