भोपाल, इंदौर, उज्जैन व रतलाम में 26 अप्रैल सुबह 6 बजे तक सब बंद; कुंभ से राज्य लौटने वालों को क्वारैंटाइन करने का निर्देश

भाेपाल। मध्यप्रदेश में कोरोना की रफ्तार नहीं थम रही है। बड़े शहराें का हाल ज्यादा खराब है। इस बीच भोपाल, इंदौर, उज्जैन रतलाम शहर में लॉकडाउन बढ़ाकर 26 अप्रैल की सुबह 6 बजे तक कर दिया गया है। क्राइसिस मैनेजमेंट की बैठक में ये निर्णय लिया गया है। वहीं, कुंभ से राज्य में लौटने वालों को क्वारैंटाइन किया जाएगा।स्मार्ट सिटी बिल्डिंग में बैठक के बाद भाेपाल कलेक्टर अविनाश लवानिया ने बताया, इस सप्ताह सख्ती ज्यादा रहेगी। 26 अप्रैल तक बेवजह घूमने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। केवल कोविड से जुड़े लोगों के लिए ही आवागमन में विशेष रियायतें मिलेंगी। केवल शहर से बाहर आने-जाने वालों को छूट दी जाएगी। आज रात इसकी विस्तृत गाइड लाइन जारी कर दी जाएगी। बता दें कि इंदौर में मंत्री तुलसी सिलावट कल रात को ही लॉकडाउन बढ़ाने की बात कह चुके हैं। इंदौर कलेक्टर मनीष सिंह ने कहा कि अस्पतालों में बेड की स्थिति को देखते हुए लॉकडाउन को सात दिन के लिए बढ़ाया जा रहा है। यह ठीक वैसा ही रहेगा जैसा पिछला सप्ताह बीता है। अतिरिक्त सख्ती नहीं की जाएगी।इस बीच उज्जैन में वैवाहिक सीजन को देखते हुए शादियों की खरीदी के लिए इस बार कुछ दुकानों को भी खोलने की अनुमति दी गई है। इसके तहत सुबह 8 से दोपहर 12 तक खरीदी के लिए दुकानें खुल सकेंगी। इसकी पुष्टि कलेक्टर आशीष सिंह ने की है।महाकाल मंदिर प्रशासन को नोटिस

महाकाल मंदिर के एक पुरोहित व एक सहायक पुजारी के खिलाफ धारा 188 के तहत महाकाल थाने में मामला दर्ज किया गया है। इसके साथ ही मंदिर प्रशासन ने भी नोटिस जारी किया गया है। दोनों पंडित घर में सदस्य के कोरोना पॉजिटिव होने के बाद भी मंदिर आ रहे थे। शिकायत भी कुछ पुजारियों के माध्यम से ही सामने आई थी। मंदिर प्रशासन ने शनिवार को फुटेज देखने के बाद कार्रवाई की।