नईखेड़ी में रेलवे गेटमेन के पुत्र की हत्या 15 मिनट में आने का बोला था, सुबह खेत मेें मिली लाश

उज्जैन। रेलवे गेटमेन का पुत्र शुक्रवार रात 15 मिनट में आने का बोलकर निकला और वापस नहीं लौटा, शनिवार सुबह उसकी घर से 800 मीटर दूर खेत में लाश पड़ी मिली। हत्या का मामला दर्ज कर भैरवगढ़ थाना पुलिस जांच-पड़ताल में लगी है। आशंका जताई जा रही है हत्या की वजह प्रेम-प्रसंग में हो सकती है। भैरवगढ़ थाना क्षेत्र के नईखेड़ी स्थित रेलवे कालोनी में भरत परमार को क्वार्टर मिला है। वह गेटमेन के पद पर कार्यरत है। शुक्रवार रात 8 बजे उसका बड़ा पुत्र सुनील 15 मिनट में आने का बोलकर घर से बाइक लेकर निकला था। जो रात 10 बजे तक नहीं लौटा। भाई विनय और परिवार ने उसे कॉल किये। मोबाइल बंद आ रहा था। रात 11 बजे तक घर नहीं आया तो उसकी तलाश शुरू की गई, कुछ पता नहीं चला। सुबह 7 बजे ग्रामीणों ने उसकी लाश घर से 800 मीटर दूर सिलोदा में रहने वाली श्यामूबाई जाट के खेत में पड़ी देखी। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। टीआई जगदीश गोयल, एसआई महेन्द्रसिंह सेंधव मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने शव मिलने पर परिजनों को अवगत करा दिया था। पुलिस ने पहचान करने में वक्त नहीं लगा। सुनील के सिर पर गहरी चोंट के निशान थे, जो धारदार हथियार के होना प्रतीत हो रहे थे। पुलिस हत्या होने पर पड़ताल शुरू की। एफएसएल, सायबर, डॉग स्क्वाड़ टीम को बुलाया गया। दोपहर में घटनास्थल से शव जिला अस्पताल लाया गया। टीआई गोयल ने बताया कि मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया है। परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को पता लगा लिया जाएगा।
मौके पर मिली बाइक, हाथ में था ब्रेसलेट पुलिस को घटनास्थल से मृतक की बाइक मिली है। वहीं हाथ में चांदी का ब्रेसलेट भी था, जिस पर सुनील लिखा हुआ था। उसका मोबाइल टूटी हालत में लिया है। मौके पर पिता और भाई का कहना था कि किसी से कोई विवाद, लेनदेन नहीं था। वह पाऊच-गुटका तक नहीं खाता था। पुलिस को उसके पास से सिगरेट भी मिली है। परिजनों ने किसी पर कोई संदेह भी नहीं जताया है। पुलिस ने गांव वालों से पूछताछ शुरू की मृतक की दिनचर्या की जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है।
4 माह पहले हुई थी सुनील की शादी
सुनील के पिता भरत परमार ने बताया कि उनके 2 बेटे है। सुनील ने 12 वीं तक पढ़ाई की थी। 4 माह पहले उसका इंगोरिया थाना क्षेत्र के उन्हेल मार्ग पर ग्राम पाटयाखेड़ी में विवाह किया था। परिवार के सबकुछ राजीखुशी था। पिता का कहना था उसने प्रापर्टी संबंधी काम भी शुरू किया था। लेकिन उसके बारे में कोई ज्यादा जानकारी परिवार को नहीं है।
प्रेम प्रसंग का सामने आया एंगल
घटनाक्रम समाने आने के बाद पुलिस ने मृतक के दोस्तों और आसपास के लोगों से चर्चा शुरू की तो प्रेम-प्रसंग का एंगल सामने आ गया। बताया जा रहा है कि सुनील का शादी से पहले बेटमा में किसी युवती से प्रेम-प्रसंग था। वह मोबाइल पर घंटो बात करता था। बेटमा के रावद में उसके मामा किशोर बोड़ाना रहते है। पुलिस ने उक्त बिंदू पर अपनी जांच शुरू कर दी है। संभावना है कि जल्द हत्या का पर्दाफाश हो सकता है।