मकान में लगाई आग, 2 गायों की जलने से मौत

उज्जैन। घट्टिया तहसील पानबिहार पुलिस चौकी के ग्राम पदामखेड़ी में गुर्जर समाज के 2 परिवारों ने चले आ रहे विवाद के चलते गुरूवार-शुक्रवार रात एक परिवार ने दूसरे के मकान में आग लगा दी। मकान के समीप बाड़े में 2 गाय बंधी हुई थी। आग बाड़े तक पहुंची और दोनों गाय आग में पूरी तरह से जिंदा जल गई। घटनाक्रम के बाद शुक्रवार को 2 गायों की जलने से हुई मौत की खबर लगने पर हिंदूवादी संगठन ने जैथल-पिपलाई मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। संगठन का कहना था कि आरोपियों की गिरफ्तारी की जाये। पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की बात कहीं। उसके बाद हिन्दूवादी संगठन बजरंग दल द्वारा चक्काजाम समाप्त किया गया। पुलिस के अनुसार पदमाखेड़ी में रहने वाले ओमप्रकाश गुर्जर का रिश्ता शाजापुर में रहने वाले आत्मराम गुर्जर की लड़की से तय हुआ था। सगाई की गई थी, इस बीच ओमप्रकाश ने प्रेम विवाह कर लिया। गुर्जर समाज की परंपरा के चलते शाजापुर का रहने वाला परिवार लेनदेन की बात कर रहा था। जिसके चलते विवाद की स्थिति बनी हुई थी, उसी के चलते आगजनी को अंजमा दिया गया था।