शाम ढलते ही बदला मौसम का मिजाज

उज्जैन। 40 डिग्री तापमान के बाद बुधवार को शाम ढलते ही मौसम का मिजाज बदल गया। दोपहर बाद से आसमान में बादलों की आवाजाही शुरू हो गई थी। शाम ढलने पर हवा की रफ्तार 10 से 12 किलोमीटर की हो गई। कुछ देर में ही मौसम का मिजाज बदल गया और रिमझिम बारिश शुरू हो गई। लोग बारिश से बचकर सुरक्षित स्थान की तलाश में भाग-दौड़ करने लगे। करीब 15 से 20 मिनट हुई बारिश से शहर तरबतर हो गया था। दिनभर की गर्मी से राहत महसूस की जाने लगी थी, लेकिन अंधेरे ढलने के साथ जैसे-जैसे रात आगे बढ़ रही थी, उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। जीवाजीराव वेधशाला अधीक्षक डॉ. राजेन्द्र कुमार गुप्त ने बताया कि एक-दो दिन ऐसा ही मौसम बना रह सकता है। तापमान में भी उतार-चढ़ाव दर्ज होगा। बुधवार को पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता की वजह से बारिश हुई है।