भगवान परशुराम जयंती पर आज सुबह से ही मंदिरों व घरों में पूजा अर्चना

 

इंदौर में निकली शोभायात्रा, ब्राह्मणों के आराध्य भगवान परशुराम की शोभायात्रा में उज्जैन व नासिक से आई भजन मंडलियां

इंदौर। भगवान विष्णु के अवतार श्री परशुराम की जयंती अक्षय तृतीया पर आज देश- प्रदेश में कई आयोजन हो रहे हैं। ब्राह्मण समाज भगवान परशुराम को अपना आराध्य मानता है। इसी कड़ी में आज सुबह से ही परशुराम मंदिरों तथा अन्य मंदिरों में भगवान की पूजा अर्चना की जा रही है।

भगवान परशुराम की जन्मस्थली इंदौर के ही समीप जानापाव में श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है ।कहीं भगवान परशुराम की शोभा यात्रा निकल रही है, तो कहीं उनके जयकारों से माहौल गूंजायमान हो रहा है। इंदौर में कल शाम को सर्व ब्राह्मण युवा संगठन द्वारा पं. दीनदयाल उपाध्याय चौराहा सुखलिया स्थित भगवान श्री परशुराम मंदिर परिसर से परशुराम जयंती की पूर्व संध्या पर शोभायात्रा निकाली गई। इस शोभायात्रा में बड़ी संख्या में ब्राह्मण युवा, महिलाएं, पुरुष सम्मिलित हुए।

शोभायात्रा में मंत्री द्वारा कैलाश विजयवर्गीय, भाजपा विधायक रमेश मैंदोला सहित ब्राह्मण समाज के कई वरिष्ठ नेता व गणमान्य नागरिक शामिल हुए। इस दौरान पूरा सुखलिया क्षेत्र भजनों और भगवान परशुराम के जयकारों से गूंज उठा। इसके पहले भगवान परशुराम के पूजन और आरती के बाद शोभायात्रा रवाना हुई, जिसमें भगवान श्री परशुराम की पालकी, घोड़े, बग्गी, बैंड, मातृशक्ति का अखाड़ा, उज्जैन से महाकाल डमरू मंडली, नासिक ढोल श्री स्वर पथक, डीजे की गाड़ियां, गन्नू महाराज की भजन मंडली और झांकी आकर्षण का केंद्र थी।