चुनाव के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच कंटेनर में नेहरू स्टेडियम के स्ट्रांग रूम पहुंची ईवीएम

 

इंदौर। जिले में लोकसभा चुनाव के लिए ईवीएम मशीनें नेहरू स्टेडियम में बनाए गए स्ट्रांग रूम में पहुंच गई। कड़ी सुरक्षा के बीच नौ कंटेनर में बंद कर नौ विधानसभा क्षेत्रों की ईवीएम को स्टेडियम पहुंचाया गया। ईवीएम मशीनों की सुरक्षा के लिए 50 से अधिक कैमरे स्ट्रांग रूम के बाहर लगाए गए हैं। इसके अलावा पुलिस का पहरा भी 24 घंटे रहेगा।
कलेक्टर कार्यालय के सामने बने गंजी कंपाउंड स्थित ईवीएम वेयर हाउस के स्ट्रांग रूम को सुबह 11 बजे राजनीतिक पार्टियों के पदाधिकारियों की मौजूदगी में खोला गया। इसके बाद नौ कंटेनर में ईवीएम को रखने का काम शुरू हुआ।दोपहर में कड़ी सुरक्षा के बीच नौ विधानसभा क्षेत्रों के लिए चिह्नित ईवीएम नौ कंटेनरों से नेहरू स्टेडियम के लिए रवाना की गई। कंटेनर के साथ पुलिस की गाड़ियां मौजूद थी।

बंद किया स्ट्रांग रूम

अपर कलेक्टर और उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजेंद्र रघुवंशी ने बताया कि नेहरू स्टेडियम में बनाए गए स्ट्रांग रूम में सभी मशीनों को रखने के बाद शाम 6 बजे स्ट्रांग रूम को बंद कर दिया गया। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। गौरतलब है कि जिले के नौ विधानसभा क्षेत्रों के लिए रिजर्व सहित 2981 बेलेट यूनिट (बीयू), 2981 कंट्रोल यूनिट (सीयू) और 3228 वीवीपेट मशीनें है।