24 घंटे में 69 वारंटियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में किया पेश

उज्जैन। लम्बे समय से कोर्ट पेशी पर नहीं जाने के चलते जारी हुए वारंट को तामिल कराए जाने को लेकर पुलिस ने अभियान शुरू किया है। पिछले 24 घंटे में शहर की थाना पुलिस ने अपने-अपने क्षेत्र के 69 वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। पुलिस के अनुसार वारंटियों में 23 स्थाई, 9 गिरफ्तारी और 37 जमानती वारंट शामिल थे। रात में वारंटियों के घरों पर दबिश दी जा रही है। अभियान में महाकाल थाना पुलिस ने लम्बे समय से 2 प्रकरणों में फरार चल रहे वारंटी शहंशाह निवासी मुल्लापुरा को चाकू के साथ गिरफ्तार किया। बदमाश के खिलाफ करीब 34 अपराध दर्ज है। एक अन्य वारंटी सिद्धार्थ निवासी जयसिंहपुरा को महाकाल पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। वहीं नागझिरी थाना पुलिस ने हेमंत पिता रामसिंह नागझिरी को चाकू के साथ पकड़ा। हेमंत 3 सालों से फरार चल रहा था। महाकाल और नागझिरी की गिरफ्त में बदमाशों के खिलाफ कोर्ट ने स्थायी वारंट जारी किया था। एएसपी गुरूप्रसाद पारशर ने बताया कि वारंटियों के खिलाफ अभियान आगामी दिनों में भी जारी रहेगा।