कैलाश फिर बने प्रचार प्रसार में नंबर वन, अमित शाह के रोड़ शो के प्रणेता बनकर फिर किया अपनी शक्ति को साबित

 

प्रदेशभर में कार्यकर्ता उनकी कर रहे डिमांड

इंदौर। प्रदेश भाजपा के वार रूम संभाल रहे नेताओ का कहना है कि मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के अलावा कैलाश विजयवर्गीय ऐसे नेता हैं, जिनकी पूरे प्रदेश की सभी सीटों पर डिमांड है। लोकसभा चुनाव लड़ रहे प्रत्येक उम्मीदवार की ओर से मांग की जा रही है कि कैलाश विजयवर्गीय को उनके क्षेत्र में भेजा जाए। खासतौर पर कार्यकर्ताओं को मोबलाइज करने की दृष्टि से कैलाश विजयवर्गीय की उपयोगिता पूरे प्रदेश में महसूस की जा रही है। पार्टी ने विजयवर्गीय को जबलपुर संभाग की सीटों के क्लस्टर का प्रभारी बनाया हुआ है। इन सीटों पर 19 और 26 अप्रैल को मतदान समाप्त हो जाएगा। इसके बाद विजयवर्गीय का फोकस मालवा और निमाड़ की आठ लोकसभा सीटों पर होगा।
इन सीटों पर 13 में को मतदान होना है। इनमें उनके गृह क्षेत्र इंदौर भी शामिल है। विधानसभा चुनाव के दौरान भी कैलाश विजयवर्गीय ने पूरे प्रदेश का दौरा किया था। संगठन उन्हें खास तौर पर कठिन मोर्चे पर तैनात करता है। इस बार भी उन्हें महाकौशल की उन सीटों की जवाबदारी दी गई थी जहां आदिवासी ज्यादा है और जहां भाजपा को दिक्कत आती है। विजयवर्गीय ने छिंदवाड़ा जैसी सीट पर बराबरी का मुकाबला खड़ा कर दिया है। पिछले दिनों अमित शाह के जबरदस्त रोड़ शो के शिल्पकार भी वही थे।

भाजपा की बूथ स्तर की बैठकें लगातार जारी —

भाजपा ने अपने प्रत्याशी के पक्ष में अधिक से अधिक मतदान कराने के लिए बूथ स्तर पर पन्ना प्रमुख और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी तय की है। इसके लिए लगातार बैठकों का सिलसिला चल रहा है। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता सुबह छह बजे उठकर छह लोगों को जगाएगा और उन्हें मतदान कराएगा।
कार्यकर्ता अपने परिवार के वोटर, मोहल्ले के पड़ोसी और फिर नाते रिश्तेदारों को मतदान कराएंगे। बूथ के कार्यकर्ताओं को रात दस बजे ही सोने के लिए कहा गया है, ताकि वे समय से सुबह छह बजे उठ जाए। वहीं भाजपा ने बाइक चालकों की भी सूची तैयार की है। ये मतदान केंद्र तक पहुंचने में अक्षम वोटरों को अपने दो पहिया वाहन पर बैठाकर मतदान केंद्र तक ले जाएंगे और मतदान के बाद वापस घर तक छोड़ कर आएंगे। प्रत्येक बूथ पर पांच से दस बाइक सवार तैनात किए जाएंगे। पूरे प्रदेश में बूथ कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जा रहा है। उन्हें पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में अधिक से अधिक मतदान कराने, मतदाताओं को घर निकाल कर मतदान केंद्र तक लाने की कार्ययोजना से अवगत कराया जाएगा।
भाजपा की तैयारी है कि सुबह से दोपहर 12 बजे तक अधिक से अधिक मतदान हो जाए। क्योंकि 12 बजे के बाद गर्मी बढ़ने से मतदाता घर से निकलने में परहेज करेंगे। वहीं शाम चार बजे के बाद से देर शाम मतदान समाप्ति के समय तक मतदान सुनिश्चित किया जाएगा। लोकसभा चुनाव में मतदाताओं को मतदाता पर्ची के साथ भाजपा पीले चावल देकर मतदान करने का आग्रह करेगी। मतदाताओं से घर-घर जाकर संपर्क किया जाएगा। गर्मी को देखते हुए मतदान केंद्रों पर वोटरों की सुविधा के लिए भाजपा ठंडे पानी की व्यवस्था, टेंट लगाकर कर छाया की व्यवस्था करेगी।
वहीं चुनाव प्रचार व मतदाताओं से संपर्क के दौरान गर्मी से बचने पार्टी ने अपने कार्यकर्ताओं को टोपी और गमझा का उपयोग करने की सलाह दी है। मंडल, सेक्टर बूथ के कार्यकर्ताओं के लिए गर्मी से बचने के उपाय बताए जाएंगे। प्रत्याशियों और संगठन के पदाधिकारियों से कहा गया है कि बूथ पर ठंडे पानी की व्यवस्था की जाएं।