ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर के बाहर  अब लेजर व वाटर स्क्रीन शो भी होंगे

 

– देश व दुनियाभर से उज्जैन आने वाले श्रद्धालुओं के लिए समिति की नई सौगात 

 

दैनिक अवंतिका उज्जैन।   

महाकाल मंदिर के बाहर यानी महाकाल लोक के पास बने रुद्रसागर सहित पांच प्रमुख स्थानों पर लेजर व वाटर स्क्रीन शो किए जाएंगे। देश व दुनियाभर से उज्जैन आने वाले श्रद्धालुओं के लिए मंदिर समिति नई चीज ला रही है। 

शो के जरिए श्रद्धालुओं को भगवान शिव की गाथा दिखाई जाएगी तथा इसका ऑडियो में सुनाई देगा। मंदिर समिति के माध्यम से स्मार्ट सिटी ने मप्र राज्य पर्यटन विकास निगम को इसकी जिम्मेदारी सौंपी है। निगम ने इसके टेंडर जारी एजेंसी भी तय कर दी है। लेजर व वॉटर स्क्रीन शो उज्जैन आने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक नई चीज रहेगी। हर कोई इसे देखना पसंद करेगा। देश के चुनिंदा बड़े मंदिरों में लेजर शो आदि होते हैं। अब महाकाल मंदिर में भी इसकी शुरुआत होने जा रही है। 

पर्यटन निगम बनाकर मंदिर 

समिति को देगा, 4 माह लगेंगे 

स्मार्ट सिटी के सीईओ आशीष पाठक ने बताया कि अधिकतम 4 माह के अंदर श्रद्धालुओं के लिए यह चीज उपलब्ध हो जाएगी। पर्यटन निगम इस कार्य को पूर्ण कर महाकाल मंदिर प्रबंध समिति को हैंडओवर करेगा। इसके बाद समिति तय करेगी कि इसका संचालन किस प्रकार किया जाए। 

मंदिर समिति एक न्यू 

वेटिंग हॉल भी बना रही

महाकाल मंदिर प्रबंध समिति आम श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एक न्यू वेटिंग हॉल भी बना रही है। समिति के सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल ने बताया कि न्यू वेटिंग हॉल का कार्य अभी 80 प्रतिशत तक पूरा हुआ है। शीघ्र ही बनकर तैयार होगा व इसका उद्घाटन कर श्रद्धालुओं का प्रवेश शुरू करेंगे।