सीएम के क्षेत्र में पानी पिलाने निगम प्रशासन मैदान में उतरा

जलप्रदाय के समय कमिश्नर से लेकर कर्मचारी रहे तैनात

ब्रह्मास्त्र. उज्जैन

मध्यप्रदेश के सीएम डॉ. मोहन यादव के विधानसभा क्षेत्र उज्जैन दक्षिण में जल संकट ने निगम के तमाम बड़े अधिकारियों की नींद और दिन का चैन उड़ा दिया है। शनिवार को क्षेत्र की जनता को पानी पिलाने के लिए नगर निगम कमिश्नर समेत तमाम वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों ने पुरजोर प्रयास किया। कई दिनों से दक्षिण क्षेत्र में जलप्रदाय व्यवस्था बिगड़ रही है। जनता पानी के लिए परेशान हो रही। सीएम के क्षेत्र में जलसंकट से सरकार में भी हल्ला मचा हुआ है। शासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने निर्देश जारी कर सीएम के क्षेत्र में हालात सुधारने का निर्देश दिया। इस पर शनिवार को निगम के वरिष्ठ अधिकारी भी सुबह सुबह फील्ड में गए।

दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से जीतकर डॉ. यादव सीएम की कुर्सी पर पहुंचे हैं। और अब इसी क्षेत्र के लोग पीने के पानी के लिए हलाकान हो रहे। सीएम की बहन और उज्जैन नगर निगम अध्यक्ष कलावती यादव ने जलप्रदाय की कमान अपने कंट्रोल में की है। अंदरखाने की खबर यह है कि कलावती यादव के क्रोधित होने पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी के अधिकारियों को यह तक कह दिया है कि अब उनके क्षेत्र में पानी नहीं पिला पाए तो सस्पेंड कर दिया जायेगा।

जल प्रदाय की सुचारू एवं समुचित व्यवस्था हेतु एक दिन छोड़कर जल प्रदाय की व्यवस्था की गई है। इस नवीन व्यवस्था में कई स्थानों पर समुचित एवं समय पर जलप्रदाय न होने की शिकायत प्राप्त हो रही थी। इस हेतु नवीन व्यवस्था के सुचारू रूप से संचालन एवं संधारण के लिए निगम आयुक्त आशीष पाठक द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई जिसमें उक्त सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र की पेयजल टंकी भरने से लेकर जलप्रदाय व्यवस्था का निरीक्षण किया। क्षेत्र में किन स्थानों पर जल प्रदाय की क्या स्थिति है, इस बारे में भी रिपोर्ट की गई। यदि कहीं जल संकट या जलप्रदाय की शिकायतें क्षेत्र के रहवासियों से प्राप्त हुई तो उसका भी निराकरण करने हेतु टंकी प्रभारी बनाए।