दिग्विजय पहुंचे बगुलामुखी मंदिर, माता की पूजा अर्चना कर, यज्ञ में दी आहुति

सारंगपुर। राजगढ़ संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सुसनेर विधानसभा के नलखेड़ा स्थित बगुलामुखी माता मंदिर पहुंचे। रविवार सुबह पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने बगुलामखी माता की आराधना कर चुनाव में सफलता के लिए आशीर्वाद मांगा, पूर्व सीएम ने यहां यज्ञशाला में विशेष हवन अनुष्ठान किया और आहुतियां दी। इस दौरान दिग्विजय सिंह ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि इलेक्ट्रॉरोल बांड क्या है, ईडी भेजो, आईटी भेजो, गला पकड़ो और वसूली करो। हम केजरीवाल कि गिरफ्तारी का विरोध करते हैं, जिसे जनता ने चुना उसे बिना किसी सबूत के गिरफ्तार कर लिया रिमांड पर ले लिया। हम ज्यूडिशरी से भी प्रार्थना करते हैं कि आखिर यह हो क्या रहा है। इस दौरान पूर्व सीएम के साथ क्षेत्रीय विधायक भैरोसिंह परिहार, कांग्रेस जिलाध्यक्ष बंशीलाल पाटीदार, पूर्व मंत्री हुकूमसिंह कराड़ा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।