April 27, 2024

 

इंदौर। अप्रैल दहलीज पर है और मई-जून अभी दूर है लेकिन मार्च माह में ही आसमान आग उगलने लगा है। प्रदेश के कई जिलों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है तो कुछ जिलों में इसके करीब ही है। भीषण गर्मी से लोग परेशान होने लगे हैं। उनकी चिंता अगले 100 दिन को लेकर ज्यादा है, क्योंकि मार्च माह की तपन यह अहसास करा रही है कि अप्रैल, मई और जून में तापमान ऊंची छलांग लगाएगा। मौसम विभाग भी अनुमान जता रहा है कि प्रदेश के कई जिलों में पारा 42-44 डिग्री सेल्सियस या उसके ऊपर भी जा सकता है।
इंदौर में पारा 39 डिग्री पर पहुंचा :
गुरुवार दोपहर में चिलचिलाती धूप ने इंदौरवासियों को सताया, वहीं शाम चार बजे बाद छाए बादलों से थोड़ी राहत मिली। लगातार दूसरे दिन सीजन में पारा सर्वोच्च स्तर पर रहा। दिन का तापमान 39 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा जो सामान्य से दो डिग्री अधिक था। न्यूनतम सामान्य से तीन डिग्री अधिक 22.2 डिग्री दर्ज किया गया। शुक्रवार को बादल छाएंगे और दिन में पारा 40 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है।

राजधानी भोपाल में मार्च माह में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच जा रहा है। गुरुवार को यह 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।

झाबुआ में अधिकतम तापमान 41 डिसे

जिले में इन दिनों अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तो रात का तापमान 22 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दिनों में और अधिक गर्मी बढ़ने की संभावना है। पिछले पांच वर्षों में मार्च के अंतिम दिनों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास ही बना हुआ था।
खरगोन में पांच साल का रिकार्ड टूटा :
जिले में तापमान ने मार्च माह में पांच साल का रिकार्ड तोड़ दिया है। तापमान 27 मार्च को 39.2 और 28 मार्च को 38.6 डिग्री सेल्सियस रहा। पांच साल पहले 19 मार्च 2019 को अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मौसम विज्ञानियों के अनुसार, आगामी अप्रैल व मई में तापमान 48 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा हो सकता है।