April 28, 2024

 

मंदसौर। पिपलिया मंडी थाना अंतर्गत लसुड़िया राठौर गांव  में बीती रात अज्ञात बदमाशों ने घर में सोई एक वृद्ध महिला की गला रेतकर हत्या कर दी और घर में टंकी में रखी 8 किलो अफीम लूट ले गए। घटना की जानकारी लगने पर क्षेत्र में सनसनी फैल गई। क्षेत्र के अधिकांश किसानों के घरों में अफीम रखी हुई है, महिला की हत्या के बाद किसानों में दहशत है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार मामला पिपलिया चोकी के गांव लसुड़िया राठौर का है। 70 वर्षीय महिला चन्द्रकुंवर पति स्व. समन्दरसिंह राणावत का शव स्वयं के घर में रक्त रंजित अवस्था में मिला। महिला गला धारदार हथियार से रेता गया है। उसके सिर पर भी चोंट के निशान देखे गए हैं। घर में खून बिखरा हुआ था। सूचना पर पिपलियामंडी थाना प्रभारी नीरज सारवान, चोकी प्रभारी कपिल सोराष्ट्रीय ने मौके पर पहुंचकर वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। एसपी अनुराग सुजानिया, एडिशनल एसपी गौतम सोलंकी, मल्हारगढ़ एसडीओपी नरेन्द्र सोलंकी ने भी घटनास्थल का मौका मुकायना किया व जानकारी ली।

पुलिस डॉग 150 मीटर दूर जाकर रूक गया-

गुरूवार सुबह घटनास्थल पर पुलिस डॉग स्क्वाड को भी लाया गया था। स्नीफर डाग चीताखेड़ी मार्ग पर करीब 150 मीटर दूरी पर जाकर रुक गया। इसके बाद एफएसएल अधिकारी अतुल मित्तल ने भी मौके पर सूक्ष्मता से जांच करते हुए वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्रित किए हैं। पुलिस ने महिला के बेटों को घटना की जानकारी दी, बाद में धारा 302 में हत्या का मामला दर्ज कर घर को सील कर दिया।
पति के निधन के बाद पत्नी पातीदार के साथ बो रही थी अफीम :-
प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि मृतका के पति का दो वर्ष पूर्व निधन हो चुका है। दो बेटे बलवन्तसिंह व महेन्द्रसिंह निम्बाहेड़ा जेके सीमेंट फेक्ट्री में नौकरी करते है। महिला के 2 बीघा कृषि भूमि गांव लसुड़िया राठौर में है। 10 आरी का अफीम पट्टा उसने गांव के ही पांतीदार प्रहलाद प्रजापत के साथ बोया था। अफीम को एकत्रित कर लिया गया था, जो घर में टंकी में रखी हुई थी। कुल 7 से 8 किलो अफीम के कुंडे के साथ महिला अकेली घर में सोई हुई थी। अफीम की टंकी घर पर ही रखी थी, लेकिन उसमें रखी करीब 8 किलो अफीम बदमाश किसी अन्य पात्र में भरकर लूट ले गए।
पांतीदार ने देखा सबसे पहले-
गुरूवार सुबह पांतीदार प्रहलाद प्रजापत वृद्धा को सूचना देने गया था कि 31 मार्च को अफीम का तौल होना है, लेकिन जैसे ही उसने दरवाजा खोला उसके होंश उड गए। महिला रक्तरंजित अवस्था में दरवाजे के पास पड़ी हुई थी। बाहर दिवार पर भी खून के निशान थे, जो संभवतः बदमाश के हाथों के हो सकते है । पांतीदार ने इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी।
निजदीकी हो सकते हैं हत्यारे-
प्रारंभिक स्थिति में सामने आ रहे साक्ष्यों से यह प्रतीत हो रहा है कि हत्यारे घर के बारे में जानकारी रखते थे।संभवत: महिला की हत्या करने वाले बदमाश महिला के परिचित हो सकते है। महिला घर में अकेली सोई हुई है और अफीम घर में ही रखी हुई है, यह बात किसी परिचित को ही पता हो सकती है। अफीम लूटने के बाद महिला की हत्या भी बदमाशों ने इसलिए की है कि महिला बाद में पुलिस को उनकी पहचान नही बता सके।एसडीओपी नरेन्द्र सोलंकी का कहना है पुलिस जांच कर रही है। वैसे महिला यहां नही रहती थी, लेकिन उनका पुश्तेनी मकान व खेती यहीं लसुड़िया राठौर में है, कुछ वर्षों से वह यहां रह रही थी, वर्तमान में पातीदार के साथ अफीम बोई थी। हत्या में शामिल बदमाश 2 से 3 हो सकते है। महिला के परिचितों से भी पूछताछ की जा रही है।