10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षाओं की 76 हजार कापियों का मूल्यांकन अभी बाकी…

 

 

कुछ विषयों के विषय विशेषज्ञ शिक्षकों को मूल्यांकन के लिए बुलाया जा रहा

इंदौर। माध्यमिक शिक्षा मंडल की बोर्ड परीक्षा के साथ ही 22 फरवरी से कापियों का मूल्यांकन कार्य भी शुरू हो गया था। इस मूल्यांकन कार्य को 22 मार्च तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन अब तक करीब 76 हजार कापियों का मूल्यांकन कार्य होना शेष है। अधिकारियों ने बताया कि मूल्यांकन कार्य 28 मार्च तक पूरा कर लिया जाएगा।
इस बार मालव कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मूल्यांकन केंद्र में दो लाख 74 हजार 922 कापियां जांच होने के लिए आई। इसमें से अब तक एक लाख 98 हजार 186 कापियों का मूल्यांकन कार्य पूरा हो चुका है। वहीं 76 हजार 736
कापियों का मूल्यांकन होना शेष है। वर्तमान में इस मूल्यांकन कार्य के लिए 566 मूल्यांकनकर्ता लगे हुए हैं। जानकारी के अनुसार कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा की एक लाख हजार 191 कापियां के लिए आई हैं। इसमें से एक हजार 411 कापियों का मूल्यांकन किया जा चुका है। वहीं 48 हजार 780 कापियों का मूल्यांकन होना बाकी है।
10वीं की कापियों को 365 मूल्यांकनकर्ता जांच रहे हैं। इसी तरह कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा में एक लाख 16 हजार 731 कापियां जांच के लिए आई हैं। इनमें से 88 हजार 775 कापियों का मूल्यांकन कार्य किया जा चुका है। वहीं 27 हजार 956 कापियों का मूल्यांकन करना शेष है। 200 से अधिक इस कार्य में मूल्यांकन कर्ता लगे हुए हैं। मूल्यांकन कार्य इसी माह 28 मार्च तक पूरा कर लिया जाएगा।
अधिकांश विषयों की कापियों का मूल्यांकन कार्य पूरा हो चुका है। कुछ विषयों के विषय विशेषज्ञ शिक्षकों को मूल्यांकन के लिए बुलाया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि इस बार बोर्ड परीक्षा के परीक्षा परिणाम जल्द जारी किए जाने हैं। इसलिए मूल्यांकन कार्य भी तेजी से पूरा किया जा रहा है।
28 मार्च तक मूल्यांकन कार्य पूरा होने के बाद नंबरों की सूची मुख्यालय भेजी जाएगी। यहां तय एजेंसी की टीम द्वारा अंकसूची में नंबर अपडेट किए जाएंगे। संभवत अप्रैल अंत या फिर मई माह के पहले सप्ताह में परीक्षा परिणाम जारी हो जाएंगे।