कूनों में मादा चीता गामिनी ने 5 नहीं 6 शावकों को दिया जन्म

ब्रह्मास्त्र श्योपुर

कूनो नेशनल पार्क में मादा चीता गामिनी ने 5 की बजाए 6 चीतों को जन्म दिया है। पार्क में निगरानी के दौरान चीते का एक और शावक मिला है। इसे मिलाकर कूनो नेशनल पार्क में शावकों की संख्या अब 14 हो गई है। केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र यादव ने एक्स पर इस आशय की जानकारी पोस्ट की है। उल्लेखनीय है कि 10 मार्च को वन विभाग के अमले को गश्त के दौरान 5 चीता शावक ही नजर आए थे।

वर्तमान में कूनो नेशनल पार्क में इन शावकों सहित 27 चीते मौजूद हैं। कूनो नेशनल पार्क में गामिनी द्वारा जन्मे शावकों की खुशी एक सप्ताह बाद और दुगनी हो गई है। केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र यादव ने पोस्ट किया है कि कूनो प्रबंधन की खुशी का कोई अंत नहीं है क्योंकि गामिनी द्वारा जन्मे शावक 5 नहीं, बल्कि 6 हैं।
गामिनी से पांच शावकों के जन्म की खबर के एक हफ्ते बाद, अब यह पुष्टि हो गई है कि दक्षिण अफ्रीकी चीता गामिनी ने छह शावकों को जन्म दिया है, जो पहली बार मां बनने वाली के लिए एक तरह का रिकॉर्ड है। गामिनी के छह शावक पूरी तरह स्वस्थ हैं।