महाकाल के दरबार में सीएम, पत्नी के साथ पूजन

* महाशिवरात्रि पर बदला मौसम, बढ़ी गर्मी
* रात का पार 13 डिग्री पार, ठंडक से राहत
ब्रह्मास्त्र. उज्जैन

महाशिवरात्रि पर शुक्रवार सुबह प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने महाकाल के दरबार में पत्नी सीमा यादव के साथ पूजा अर्चना की। सीएम ने प्रदेश की सुख समृद्धि की प्रार्थना कर पूजा अर्चना की। शिव आराधना के इस पर्व पर मौसम भी बदला बदला रहा। रात का पारा 13 डिग्री पार हो गया।
महाशिवरात्रि पर महाकाल मंदिर में देर रात से दर्शनार्थियों का तांता लगा हुआ है। गुरुवार रात ढाई बजे से मंदिर के पट खोल दिए गए थे। भगवान भोलेनाथ का श्रृंगार भांग और सूखे मेवे से किया गया। सुबह प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पत्नी सीमा के साथ महाकाल मंदिर में पूजा अर्चना कर प्रदेश की सुख समृद्धि की कामना की। सीएम गुरुवार शाम को ही उज्जैन पहुंच गए थे। उन्होंने विक्रमोत्सव के अंतर्गत पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में अभिनेत्री हेमामालिनी द्वारा प्रस्तुत नृत्य नाटिका भी देखी। रात्रि विश्राम भी सीएम ने अपने निवास पर किया।

महाकाल मंदिर में कल दोपहर में होगी भस्मारती
महाकाल मंदिर में नित्य प्रातः ब्रह्मुहूर्त में होने वाली भस्मारती शनिवार को दोपहर बारह बजे होगी। वर्ष में एक बार ही ऐसा होता है, जब यह आरती दिन में होती है। दर्शन के लिए लोगों में खासा उत्साह है।

पारा अब फिर 13.2 डिग्री पर
शहर में मौसम भी करवट ले रहा है। एक बार फिर रात के तापमान में वृद्धि हो रही है। शुक्रवार सुबह जीवाजी वेधशाला में रात का तापमान 13.2 डिग्री रहा। इसके पहले यह क्रमश: 13 डिग्री, 11 डिग्री, 8 डिग्री रहा था। 9 मार्च को यह 18 डिग्री पर आ गया था।