भारत जोड़ो न्याय यात्रा का 5 मार्च को उज्जैन में होगा आगमन…

उज्जैन। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा 5 मार्च को दोपहर 2.30 से 3 बजे के लगभग उज्जैन में प्रवेश करेगी।उज्जैन पहुंचने पर यात्रा का भव्य स्वागत होगा। सबसे पहले राहुल गांधी बाबा महाकाल के दर्शन करेंगे। इसके पश्चात् एक रोड शो का आयोजन किया गया है। जो महाकाल मंदिर से शुरू होगा और विभिन्न मार्ग जैसे गोपाल मंदिर, कंठाल चौराहा, फव्वारा चौक होते हुए देवास गेट पहुंचेगा। जहां रोड शो का समापन होगा और राहुल गांधी यहां पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। यात्रा का इंगोरिया गांव में रात्रि विश्राम होगा।

राहुल गांधी महाकाल दर्शन करेंगे, रोड शो होगा, सभा भी करेंगे..

दूसरे दिन सुबह 8:00 बजे यात्रा फिर से प्रारंभ होगी और यात्रा बड़नगर होते हुए बदनावर पहुंचेगी। बदनावर में एक बड़ी सभा का आयोजन किया जाएगा। बदनावर की सभा के पश्चात यात्रा रतलाम होते हुए राजस्थान के लिए रवाना हो जाएगी। यात्रा के दौरान राहुल गांधी किसानों, युवाओं आदि से संवाद करेंगे। यह जानकारी भारत जोड़ो न्याय यात्रा के प्रभारी रवि जोशी ने उज्जैन के कांग्रेस कार्यालय में एक प्रेस वार्ता लेकर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पूरे देश के किसान, मजदूर, माता, बहने हर वर्ग वर्तमान सरकार से प्रताड़ित है। जनता महंगाई की मार झेल रही है। हमारी यात्रा में अड़चनें पैदा करने का प्रयास भारतीय जनता पार्टी की सरकार कर रही है। इस अवसर पर शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रवि भदोरिया, ग्रामीण जिला अध्यक्ष कमल पटेल,कांग्रेस नेत्री माया राजेश त्रिवेदी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोहर बैरागी, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष महेश सोनी, पार्षद रवि राय, अशोक भाटी, दीपक मेहरे, दीपक भारती, पार्षद सपना सांखला सहित अन्य कांग्रेस नेता उपस्थित थे।