विभिन्न योजनाओं की स्वीकृति के मांग पत्र मुख्यमंत्री को सौंपे

खाचरौद। 14 जनवरी को प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नगर आगमन पर रोड शो के दौरान नगर पालिका परिषद द्वारा मंच बनाकर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया तथा नपा अध्यक्ष गोविन्द भरावा द्वारा नगर विकास की लगभग राशि रु. 32 करोड़ की विभिन्न योजनाओं की स्वीकृति के मांग पत्र मुख्यमंत्री यादव को सौपे। उक्त जानकारी देते हुए अध्यक्ष भरावा ने बताया कि नगर के अतिप्राचीन महत्व के श्री नीलकंठेश्वर महादेव मंदिर जीर्णोद्धार हेतु राशि लगभग 5 करोड़, नगर के प्रमुख मार्गों पर डिवाइडर निर्माण एवं सौंदर्यीकरण हेतु लगभग 10 करोड़, चोरखाली होते हुए श्री खेड़ापति हनुमान मार्ग तक बायपास निर्माण हेतु लगभग 10 करोड़, हनुमान घाटी पुलिया विस्तारीकरण एवं खारिमिठि बावड़ी से थोक सब्जी मंडी कस्बा तक नवीन बायपास निर्माण हेतु राशि लगभग 7 करोड़ के साथ ही नगर पालिका की चुंगी क्षतिपूर्ति की राशि बढ़ाए जाने हेतु भी पत्र मुख्यमंत्री को नगर पालिका परिषद के मंच से सौपे गए हैं। साथ ही उक्त मांग पत्रो की एक प्रति क्षेत्र में माननीय विधायक डॉ. तेजबहादुर सिंह चौहान जी को भी सौपी हैं। इस अवसर पर उपाध्यक्ष दिनेश ठन्ना, नारायण मंडावलिया, राहुल मेहता, बाबू नागर, संजय नंदेड़ा, जितेन्द्र पांचाल, कार्यकर्ता नामित वनवट, आकाश कपूर सहित गणमान्य नागरिक, समस्त पार्षदगण, नगर पालिका अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित थे।