महाकाल मंदिर और महाकाल लोक..क्षेत्र हो सकता है नो-व्हीकल जोन..

उज्जैन। उज्जैन में महाकाल दर्शन करने और महाकाल लोक को देखने के लिए रोज लाखों श्रद्धालु उमड़ रहे हैं। इसके चलते इन दोनों क्षेत्रों को प्रशासन नो-व्हीकल जोन घोषित कर सकता है। इस पर अफसर मंथन कर रहे हैं। क्योंकि रोजाना ही महाकाल मंदिर व महाकाल लोक के आसपास के क्षेत्र में वाहनों का जाम लग रहा है। इससे न केवल बाहर से आने वाले यात्री परेशान हो रहे हैं बल्कि सबसे अधिक दिक्कत उन लोगों की हो गई है जो इन क्षेत्रों में निवास करते हैं।

इस बड़ी समस्या से निपटने के लिए अब उज्जैन जिला प्रशासन महाकाल मंदिर व महाकाल लोक के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों को नो-व्हीकल जोन बनाकर इसे पूर्ण रूप से पैदल जोन करना चाहता है ताकि लोगों को वाहनों के इस जाम से राहत मिल सके। इसे लेकर प्रशासन के वरिष्ठ अफसर मंथन कर रहे हैं कि किस तरह से यहां वाहनों को प्रतिबंधित किया जाए।

27 दिसंबर को कलेक्टर ने बुलाई..बैठक, इसमें ले सकते हैं निर्णय  

बताया जाता है कि 27 दिसंबर को जिला सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक होने वाली है। इस बैठक में महाकाल मंदिर व महाकाल लोक के आसपास के क्षेत्रों को नो-व्हीकल जोन घोषित करने का निर्णय लिया जा सकता है। प्रशासनिक संकुल में 27 तारीख की शाम 5 बजे कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम की अध्यक्षता में यह बैठक होने वाली है। इसमें परिवहन आयुक्त द्वारा पूर्व में दिए गए निर्देशों पर भी चर्चा की जाएगी। लेकिन सबसे महत्वपूर्ण महाकाल मंदिर एवं महालोक के आसपास वाहन प्रतिबंधित किए जाने को लेकर चर्चा की जाना है।