सुबह छह बजे खुलेंगे स्ट्रांग रूम

इंदौर। विधानसभा चुनाव के बाद ईवीएम में बंद मतो की गणना की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। इंदौर जिले की सभी 9 विधानसभा क्षेत्रों के मतों की गणना नेहरू स्टेडियम में की जाएगी। मतगणना वाले दिन तीन स्तर पर स्टेडियम की सुरक्षा व्यवस्था रहेगी और 100 मीटर के दायरे में बगैर पास के कोई भी व्यक्ति प्रवेश नहीं कर सकेगा।
मतगणना से पहले स्टेडियम में सुबह पांच बजे मतगणना कर्मियों का अंतिम रेंडमाइजेशन कर टेबलों का आवंटन किया जाएगा। सुबह छह बजे सबसे पहले डाक मतपत्र का स्ट्रांग रूम खोला जाएगा। इसके बाद बारी-बारी से सभी स्ट्रांग रूम खोले जाएंगे।
नेहरु स्टेडियम में 3 दिसंबर को होने वाली मतगणना की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर धारा-144 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश लागू किए हैं। मतगणना स्थल में फोटो, वीडियोग्राफी प्रतिबंधित की गई है। मतगणना केन्द्रों की 100 मीटर की परिधि के अन्दर मोबाईल, सेल्युलर, कार्डलेस फोन, वायरलेस सेट के उपयोग को भी प्रतिबंधित किया गया है।