इंदौर से निकली ओवरलोड बस अलसुबह सागर के पास पलटी, कई यात्री घायल

इंदौर/ सागर। सागर-भोपाल मार्ग पर रतौना पेट्रोल पंप के पास इंदौर से निकली ओवरलोड यात्री बस बेकाबू होकर पलट गई। दुर्घटना में एक दर्जन से ज्यादा यात्री घायल हुए हैं। हादसा शनिवार को सुबह साढ़े सात बजे हुआ। घायलों को उपचार के लिए सागर जिला अस्पताल भेजा गया है।

बस की छत पर लदा था भारी सामान

जानकारी के मुताबिक अमरदीप ट्रेवल्स की बस इंदौर से सागर चलती है। यह बस शुक्रवार शाम इंदौर से रवाना हुआ थी, जो शनिवार को सुबह सागर के नजदीक रतौना पेट्रोल पंप के पास बेकाबू होकर पलट गई। बस की छत पर साठ बोरी खाद के अलावा फारच्यून का सामान लदा हुआ था। इसके अलावा बस में चालीस यात्री सवार थे। पुलिस के मुताबिक हादसे के दौरान बस की रफ्तार अधिक नहीं थी। संभवत: ड्राइवर को झपकी आने से यह हादसा हुआ।

घायलों को भेजा जिला अस्पताल

गनीमत रही कि बस की रफ्तार अधिक नहीं थी। यात्रियों को अधिक गंभीर चोटें नहीं आई हैं। यदि रफ्तार तेज होती तो हादसा बड़ा हो सकता था। पुलिस ने बताया कि घटना का पता चलते ही तत्काल मौके पर 108 एंबुलेंस को भेजा गया। जहां से बस में फंसे लोगों को निकाला गया। बस में 40 यात्री सवार थे। इनमें एक दर्जन से ज्यादा लोगों को चोटें आई हैं। जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। सूचना के बाद पुलिस बल मौके पर जांच कर रहा है।

बसों में हो रही ओवरलोडिंग, पर कार्रवाई नहीं

गौरतलब है कि बसों में लगेज ढुलाई अवैध रूप से जमकर किया जाता है। लेकिन न तो इस पर यातायात पुलिस कार्रवाई करता है न ही परिवहन विभाग। बसों में ओवरलोडिंग से हादसों की आशंका बढ़ जाती है। दो साल पहले भी छतरपुर जाते समय एक बस हीरापुर के पास हादसे का शिकार हुई थी। इसमें कुछ यात्रियों की मौत भी हुई थी।

ठंड में सुबह अधिक होते हैं हादसे

सर्दी का मौसम आते ही सड़क हादसे सुबह के समय बढ़ जाते हैं। सर्दी में धुंध छाये रहने से दृश्यता कम होने की वजह से दूर तक स्पष्ट नजर नहीं आता। इससे सुबह के समय दुर्घटनाएं ज्यादा होती हैं।