चुनाव की घोषणा के बाद बोले शिवराज- व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप से बचें, यह शत्रुता नहीं

 

भोपाल। मध्‍य प्रदेश में चुनाव तारीख की घोषणा के बाद अब प्रतिक्रियाओं का दौर आरंभ हो गया है। मध्य प्रदेश चुनाव की घोषणा पर मुख्‍यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि यह लोकतंत्र का सबसे बड़ा उत्सव है। चुनाव से सरकार बनती है जो प्रदेश और जनता का भविष्य तय करती है इसलिए मैं सभी मतदाताओं से अनुरोध करता हूं कि चुनाव में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लें। श‍िवराज ने कहा कि मैं राजनीतिक दलों से अनुरोध करता हूं कि चुनाव में व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप करने से बचें। यह शत्रुता नहीं है।
वहीं, मध्य प्रदेश चुनाव की घोषणा पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वी.डी. शर्मा ने कहा कि मैं चुनाव आयोग का धन्यवाद करता हूं। मुझे पूरा विश्वास है कि भाजपा की सरकार बनेगी। विकास और गरीब कल्याण के मुद्दे पर भाजपा ऐतिहासिक बहुमत के साथ चुनाव जीतेगी।

कमलनाथ ने कहा- सबक सिखाने का दिन

चुनाव तारीख घोषित होने के बाद कांग्रेस नेता कमल नाथ ने कहा कि 17 नवंबर को मध्य प्रदेश में मतदान है। यह दिन लोकतंत्र का हरण करने वालों को सबक सिखाने और सत्य के शासन की पुनर्स्थापना करने का दिन होगा।

दिग्विजय सिंह बोले- हमें अप्रत्याशित सफलता मिलेगी

5 राज्यों में चुनाव की घोषणा पर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि हमें पूरा विश्वास है कि भाजपा के भ्रष्टाचार और कुशासन के खिलाफ जनता की नाराज़गी है और हमें चुनाव में अप्रत्याशित सफलता मिलेगी। उन्‍होंने कहा कि हमारी पूरी तैयारी है।