कांग्रेस की यात्रा रोकने पर भड़के दिग्विजय

पुलिस अफसरों को दी धरने की चेतावनी

बाद में यात्रा के साथ 8 किमी पैदल चले
दैनिक अवन्तिका(भोपाल)
भोपाल में कांग्रेस की ‘संविधान बचाओ लोकतंत्र बचाओ पदयात्रा’ को रोकने पर दिग्विजय सिंह पुलिस अफसरों पर भड़क गए। उन्होंने चेतावनी दी कि यात्रा को आगे नहीं बढ़ने दिया तो मैं यहीं धरने पर बैठ जाऊंगा। आखिरकार अफसरों ने यात्रा को आगे जाने दिया। जिसके बाद खुद दिग्विजय सिंह यात्रा के साथ करीब 8 किलोमीटर तक पैदल चले।
कांग्रेस की ये यात्रा 21 सितंबर को विदिशा जिले के लटेरी तहसील के काठपुरा गांव से निकली थी। इसका समापन भोपाल के अंबेडकर मैदान पर एक सभा के रूप में होना था। सोमवार सुबह करीब 9 बजे जैसे ही यात्रा लांबाखेड़ा पहुंची, पुलिस ने यात्रा को आगे बढ़ने से रोक दिया। इस बात की जानकारी मिलते ही पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह मौके पर पहुंच गए थे।
लांबाखेड़ा से भोपाल तक पैदल चले दिग्विजय
दिग्विजय सिंह को इस यात्रा में रोशनपुरा चौराहे पर शामिल होना था। जब उन्हें यात्रा रोकने की जानकारी मिली तो वे लांबा खेड़ा पहुंच गए। यहां पुलिस से बातचीत के बाद उन्होंने कार्यकतार्ओं से कहा कि ‘मेरा नियम है, मैं पूजा किए बिना अनाज नहीं खाता। यात्रा रोके जाने का पता चला तो बिना भोजन किए आया हूं, फिर भी आपके साथ पैदल चलूंगा।’ इसके बाद दिग्विजय सिंह लांबाखेड़ा से भोपाल तक करीब साढ़े आठ किमी पैदल चले।