उज्जैन में दुष्कर्म के आरोपी भरत का पिता बोला- बेटा दोषी है, तो गोली मार देनी चाहिए, भाई ने भी कहा- दोषी है तो कठोरतम दंड मिले

उज्जैन। शहर में 15 वर्षीय किशोरी के साथ हुए दुष्कर्म के मामले का गुरुवार शाम को पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। 72 घंटे की पड़ताल और अनेक सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद पुलिस के 28 सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) ने आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी ने पूछताछ में दुष्कर्म की वारदात भी कुबूल ली। इस बीच दुष्कर्म के आरोपी के पिता राजू सोनी का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि मेरा बेटा दोषी है तो उसे गोली मार देनी चाहिए। उसे फांसी पर चढ़ा देना चाहिए। यदि सजा नहीं देंगे तो ऐसे जघन्य अपराध कैसे रुकेंगे? ठीक इसी तरह आरोपी के भाई ने भी कहा है कि भाई है तो क्या हुआ, अगर दोषी है तो इस जघन्य अपराध के लिए उसे कड़ी से कड़ी सजा मिले।

सोमवार को मिली थी पुलिस को सूचना

एसपी सचिन शर्मा ने बताया कि सोमवार सुबह 10:15 बजे महाकाल थाने को सूचना मिली थी कि बड़नगर रोड पर मुरलीपुरा से आगे दांडी आश्रम के समीप एक बालिका लावारिस हालत और घायल हालत में मिली है। मौके पर पहुंचने पर पता लगा कि उसके कपड़े खून से सने हैं। वह कुछ भी ठीक से नहीं बता पा रही थी। इलाज के लिए पहले उसे चरक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां पांच डाक्टरों ने उसका उपचार किया था। जांच में सामने आया कि किशोरी के साथ दुष्कर्म किया गया है। उसे अंदरूनी चोट थी। हालात गंभीर होने पर उसे इंदौर रैफर किया गया। इलाज के बाद उसके स्थिति में सुधार हुआ है।

सुरजेवाला को पीड़िता से नहीं मिलने दिया

इधर, इंदौर में आज सुबह मध्य प्रदेश के कांग्रेस प्रभारी सुरजेवाला ने पीड़ित किशोरी से अस्पताल में जाकर मिलने की कोशिश की, हालांकि उन्हें नहीं मिलने दिया गया। बताया जाता है कि वे डॉक्टर से हाल-चाल पूछ कर वापस आ गए।